देश की राजधानी दिल्ली और NCR में दिवाली का जश्न कई परिवारों के लिए मातम में बदल गया। पटाखों और आग लगने की घटनाओं में कई लोग घायल हुए, जबकि बाहरी दिल्ली के नरेला में एक 10 वर्षीय बच्चे की जान चली गई। राजधानी में कई फैक्ट्रियों, मकानों और इमारतों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं। दमकल विभाग को दिवाली के दौरान 200 से अधिक आग से जुड़ी कॉल मिलीं।

नरेला में पटाखे की चपेट में आया 10 साल का बच्चा

दिल्ली के नरेला स्थित राजीव कॉलोनी में दिवाली की रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। पूजा के बाद परिवार के लोग पटाखे जला रहे थे, तभी 10 वर्षीय बच्चा भी आतिशबाजी करने लगा। इसी दौरान पटाखा फटने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत राजा हरिश्चंद्र अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत के बाद परिवार ने अस्पताल में इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

दिल्ली में दमकल विभाग को मिलीं 214 फायर कॉल

दिल्ली अग्निशमन सेवा के आंकड़ों के अनुसार, दिवाली के दिन विभाग को कुल 257 आपातकालीन कॉल मिलीं। इनमें 214 कॉल आग लगने की घटनाओं से संबंधित थीं, जबकि 24 मामले पटाखों से लगी आग के थे। आग बुझाने के दौरान दमकल विभाग के छह कर्मचारी भी घायल हुए। शाम 8 से 10 बजे के बीच सबसे ज्यादा 85 कॉल दर्ज की गईं। इस दौरान राजधानी के अलग-अलग इलाकों में आग लगने की घटनाओं ने दमकल विभाग की टीमों को व्यस्त रखा।

नांगली सकरावती और नरेला की फैक्ट्रियों में लगी आग

दिवाली के दिन दिल्ली के नजफगढ़ स्थित नांगली सकरावती इलाके में एक गारमेंट फैक्ट्री में आग लग गई। सूचना मिलने पर दमकल की 25 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। वहीं, नरेला औद्योगिक क्षेत्र में भी दो फैक्ट्रियों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं। इनमें एक जगह आग पास की दूसरी फैक्ट्री तक फैल गई। तीनों घटनाओं में दमकल की कुल 56 गाड़ियों को तैनात किया गया। उत्तम नगर की एक तीन मंजिला इमारत में भी आग लग गई। आग पार्किंग में खड़े वाहनों तक पहुंच गई। जान बचाने के लिए इमारत में मौजूद 15 लोगों ने पड़ोस के मकान में छलांग लगाई।

एम्स में पहुंचे पटाखों से झुलसे 42 मरीज

दिवाली के बाद एम्स में पटाखों से लगी चोटों के 42 मरीज पहुंचे। अस्पताल की रिपोर्ट के मुताबिक, इनमें 37 लोग पटाखों से झुलसे थे, जबकि दो मरीज पोटाश से जलने के कारण भर्ती हुए। 11 मरीज गंभीर रूप से झुलसे थे। इनमें चार को आईसीयू और सात को वार्ड में रखा गया। पांच मरीजों की सर्जरी करनी पड़ी, जबकि आठ अस्पताल में भर्ती रहे। घायलों में बच्चे भी शामिल थे। सबसे कम उम्र का मरीज पांच साल का था। आठ साल का एक बच्चा शरीर का करीब 45 प्रतिशत हिस्सा झुलसने के कारण गंभीर हालत में था। आंखों में चोट लगने वाले मरीज भी अस्पताल पहुंचे।

दिवाली के बाद दिल्ली की हवा भी हुई खराब

आतिशबाजी के बाद दिल्ली की वायु गुणवत्ता में भी गिरावट दर्ज की गई। सोमवार सुबह राजधानी का औसत AQI 366 रहा, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर 400 के पार पहुंच गया। ऐसे में दिवाली के बाद दिल्ली-NCR के लोगों को आग और पटाखों से हुए हादसों के साथ-साथ जहरीली हवा की समस्या का भी सामना करना पड़ा।