देश की राजधानी दिल्ली में इमारतों के गिरने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में आज सुबह पूर्वी दिल्ली के शाहदरा जिले के विवेक विहार इलाके में एक पुराना मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मलबे में करीब छह लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई। बचाव दल ने कई लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां दो लोगों की मौत हो गई। यह हादसा ज्वाला नगर इलाके में हुआ। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

मलबे से निकाले गए कई लोग, अस्पताल में दो की मौत

मकान गिरने की सूचना मंगलवार सुबह करीब 10:13 बजे मिली थी। इसके बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया। अब तक छह से सात लोगों को बाहर निकालकर डॉ. हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया गया है। मिली जानकर के मुताबिक, हादसे में तीन साल के बच्चे और 35 वर्षीय एक व्यक्ति की जान चली गई। चार अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

40 से 50 साल पुराना बताया जा रहा मकान

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में ढहा मकान करीब 40 से 50 साल पुराना था। यह दो मंजिला इमारत थी। हालांकि, मकान अचानक कैसे गिरा, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। उत्तरी एमसीडी के चेयरमैन पंकज लूथरा ने भी मकान के काफी पुराना होने की जानकारी दी है। प्रशासन की टीमें घटना के कारणों की जांच कर रही हैं।

लगातार हो रहे इमारत हादसों से उठे सवाल

दिल्ली में पिछले कुछ समय से इमारत गिरने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार और पहाड़गंज इलाके में भी इमारतों के ढहने की घटनाएं हुई थीं। इन हादसों ने राजधानी में पुरानी और जर्जर इमारतों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल घटनास्थल पर राहत-बचाव अभियान जारी है। मलबे में किसी अन्य व्यक्ति के फंसे होने की आशंका को देखते हुए बचाव दल सावधानी से तलाशी अभियान चला रहे हैं।