MP Crime News : मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले से बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां हंसी-मजाक में किए गए खतरनाक खेल ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के पड़रिया छांटा गांव में एक व्यक्ति को उसके दोस्त ने रसगुल्ला बताकर सुअर मारने वाला देसी बम खिला दिया। मुंह के अंदर बम फटने से गंभीर रूप से घायल हुए राजेंद्र बरौतिया की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरी दर्दनाक घटना का घटनाक्रम?

पुलिस के मुताबिक यह हादसा मंगलवार यानी 10 नवंबर की शाम को हुआ। मृतक राजेंद्र बरौतिया (उम्र 35 वर्ष) घर के आंगन में परिवार के सदस्यों-पत्नी, बच्चे और अपनी नानी-के साथ बैठकर आग ताप रहे थे। उस दौरान उनके पड़ोस में रहने वाला उनका दोस्त रामभगत सिंह बरौतिया वहां आया। दोनों आग के पास बैठकर आपस में बातचीत करने लगे और उनके बीच हंसी-मजाक भी चल रहा था। रामभगत ने राजेंद्र को छोटी गेंद के आकार की एक वस्तु दी और दीवाली के त्योहार का हवाला देते हुए उसे रसगुल्ला समझकर चखने की जिद की। राजेंद्र की पत्नी सुशीला बाई ने रुंधे गले से घटना को याद करते हुए बताया कि रामभगत ने उनके पति से कहा था कि त्योहार पर इसे खाकर देखो। जैसे ही राजेंद्र ने उसे अपने मुंह में रखकर चबाया, पलक झपकते ही उसमें एक भयानक विस्फोट हो गया। पत्नी ने बताया कि धमाका इतना जबरदस्त था कि उनके पति का जबड़ा बुरी तरह फट गया और एक सेकंड के भीतर उनका चेहरा पहचान पाना भी मुश्किल हो गया था।

अस्पताल ले जाने के दौरान गई जान, पुलिस ने की दो गिरफ्तारियां

इस अप्रत्याशित और भयानक हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। घबराए हुए परिजन तुरंत ऑटो की मदद से राजेंद्र को डिंडौरी जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनकी जान बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। अगले दिन पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। राजेंद्र के अचानक दुनिया से चले जाने के बाद उनके परिवार में अब उनकी पत्नी सुशीला और उनका मासूम बच्चा ही पीछे रह गए हैं।

2 लोग गिरफ्तार

डिंडौरी पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें मुख्य आरोपी रामभगत सिंह (जिसने बम रसगुल्ला बताकर खिलाया था) और दूसरा वह व्यक्ति शामिल है जिसे जंगल से वह संदिग्ध विस्फोटक मिला था। डिंडौरी कोतवाली के थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नागपुरे ने बताया कि दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया है और आगे की गहन छानबीन की जा रही। पुलिस अब इस बात की भी तहकीकात कर रही कि आखिर यह खतरनाक विस्फोटक जंगल में कहां से आया था और इसे वहां किसने छुपाकर रखा था।

शुरुआती जांच और आपसी रिश्तों का सच

पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों और मृतक राजेंद्र के बीच किसी भी तरह की पुरानी रंजिश या दुश्मनी नहीं थी। दोनों के बीच अक्सर आपसी मेल-जोल और बातचीत होती थी। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा-105 और विस्फोटक अधिनियम की धारा 3 एवं 4 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। डिंडौरी पुलिस ने घटनास्थल से विस्फोटक के बचे हुए अवशेष और अन्य अहम नमूने भी एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) भेजा जा रहा है, ताकि यह साफ हो सके कि उस बम के अंदर असल में कौन-कौन से रसायन भरे हुए थे।

क्या होते हैं 'पिग बम'?

मध्य भारत के कई ग्रामीण और जंगली इलाकों में जंगली सुअरों एवं अन्य मवेशियों को शिकार बनाने या मारने के लिए इस प्रकार के देसी पिग बम का धड़ल्ले से इस्तेमाल किया जाता है। इन जानलेवा विस्फोटकों को आमतौर पर किसी खाने की चीज या लुभावनी सामग्री में छिपाकर जंगल या खेतों के रास्तों पर रख दिया जाता है। जैसे ही कोई जंगली सुअर या अन्य जीव उसे चबाता है, भारी दबाव के कारण मुंह के भीतर जोरदार धमाका होता है और उसकी मौके पर ही मौत हो जाती है। इंदौर के प्रसिद्ध विस्फोटक विशेषज्ञ शरद सरवटे ने बताया कि इस तरह के बमों की कार्यप्रणाली उनकी रासायनिक संरचना पर टिकी होती है। इन विस्फोटक उपकरणों में अमोनियम नाइट्रेट का मिश्रण और नाइट्रेट जेली जैसे संवेदनशील पदार्थों का इस्तेमाल किया जाता है, जिन पर थोड़ा-सा दबाव पड़ने पर तीव्र गति से गैस उत्पन्न होती है और जबरदस्त धमाका होता है। सरवटे ने बताया कि इनका टेक्सचर टूथपेस्ट या जेल की तरह होता है और आकार में ये दिवाली पर फोड़े जाने वाले सुतली बम जितने दिखते हैं। इनका डिजाइन इस प्रकार तैयार किया जाता है कि केवल मुंह या जबड़े के हिस्से में सीमित और सटीक विस्फोट हो, जिससे जानवर का बाकी शरीर सुरक्षित और इस्तेमाल करने योग्य बचा रहे।