PM Modi Diwali Milan: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिवाली मिलन समारोह के खास मौके पर मीडिया जगत के साथ अपने पुराने दिनों का एक बेहद दिलचस्प और अनसुना किस्सा साझा किया है। पत्रकारों और मीडियाकर्मियों से मुखातिब होते हुए पीएम मोदी ने बड़े ही हल्के-फुल्के और मजेदार अंदाज में बताया कि साल 2001 में जब उन्हें गुजरात का मुख्यमंत्री बनाने की चर्चा चल रही थी, तो उसकी भनक पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के अलावा सबसे पहले दिल्ली के पत्रकारों को कैसे लग गई थी।
'रिपोर्टर से एडिटर बनने जैसा रहा मेरा राजनीतिक सफर'
मीडिया घरानों की कार्यशैली और अपनी राजनीतिक जिम्मेदारियों की तुलना करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जिस तरह किसी भी मीडिया संस्थान में एक रिपोर्टर के एडिटर बनने पर उसकी भूमिका और जिम्मेदारियां पूरी तरह बदल जाती हैं, ठीक वैसा ही बड़ा बदलाव सरकार में आने के बाद उनके राजनीतिक जीवन में भी आया। बता दें, पिछले महीने ही उन्होंने सरकार के मुखिया के रूप में यानी पहले गुजरात के मुख्यमंत्री और फिर देश के प्रधानमंत्री के तौर पर-अपने सफल 25 साल पूरे किए हैं।
11 अशोका रोड के कमरे का वह यादगार वाकया
पत्रकारों की पैनी नजर और खबर निकालने की उनकी अद्भुत क्षमता की सराहना करते हुए पीएम मोदी ने वर्ष 2001 का एक संस्मरण सुनाया। उन्होंने बताया कि उस वक्त उन्हें गुजरात भेजने और राज्य की कमान सौंपने का फैसला बेहद गोपनीय रखा गया था। पार्टी के सिर्फ दो-चार शीर्ष नेताओं को ही इस बारे में जानकारी थी। प्रधानमंत्री ने उस वाकया को याद करते हुए कहा, मैं उन दिनों दिल्ली के 11 अशोक रोड स्थित एक छोटे से कमरे में रहता था। अचानक एक दिन महिला पत्रकारों की एक सक्रिय ब्रिगेड समेत पत्रकारों की पूरी टोली सीधे मेरे कमरे में घुस आई। पीएम के मुताबिक कमरे में आते ही उन महिला पत्रकारों ने उनसे मिठाई की डिमांड कर दी। जब मोदी ने हैरानी जताते हुए पूछा कि आखिर किस खुशी में मिठाई चाहिए तो पत्रकारों ने तुरंत जवाब दिया-आप गुजरात जा रहे और आप ही वहां के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।
'पता नहीं आपकी कौन-सी ताकत है...'
पत्रकारों के मजबूत सूत्रों और उनके सूचना तंत्र पर मजेदार चुटकी लेते हुए पीएम मोदी ने कहा, मुझे वाकई यह समझ नहीं आता कि आप लोगों के पास ऐसी कौन-सी जादुई ताकत है, जो कई बार हम राजनेताओं को भी हैरान और परेशान कर देती है। उन्होंने कहा कि उस समय वह बेहद गुप्त निर्णय था जो गिने-चुने लोगों को ही पता था, लेकिन दिल्ली के पत्रकारों ने पहले ही इसका पता लगा लिया था। पीएम की इस मजेदार बात पर कार्यक्रम में मौजूद सभी पत्रकारों और अतिथियों के बीच ठहाके गूंज उठे।