उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान 14 वर्षीय किशोर आर्यवर्धन सिंह की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इससे पहले शुक्रवार को जेसीबी चालक समेत पांच लोगों को पकड़ा गया था। इस तरह पुलिस ने 48 घंटे के भीतर कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह घटना 18 नवंबर को गोरखपुर के एम्स थाना क्षेत्र में झारखंडी कॉलोनी के पास हुई थी। आरोप है कि अखिलेश यादव के रोड शो के स्वागत के लिए फूल बरसाने के उद्देश्य से लाई गई बैकहो लोडर मशीन की चपेट में आने से आर्यवर्धन की मौत हो गई थी। वह भाजपा नेता ओंकार सिंह श्रीनेत का बेटा था और केंद्रीय विद्यालय नंदानगर में कक्षा 10 में पढ़ता था।
शनिवार को इन तीन आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस ने शनिवार को जिन तीन लोगों को गिरफ्तार किया, उनकी पहचान योगेश यादव, मृत्युंजय यादव और मनोज यादव के रूप में हुई है। योगेश यादव गोरखपुर के कूड़ाघाट कोड़इया, मृत्युंजय यादव सहजनवां क्षेत्र के बरहुआ और मनोज यादव नंदानगर दरगहिया का निवासी बताया गया है। इससे पहले शुक्रवार को पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें बैकहो लोडर चालक विनोद सिंह के अलावा नरसिंह यादव, राहुल यादव, वीरेंद्र यादव और शिवांग निषाद शामिल थे। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई जेसीबी मशीन भी जब्त कर ली है।
हत्या और आपराधिक साजिश की धाराएं जोड़ी गईं
आर्यवर्धन के पिता ओंकार सिंह की शिकायत पर शुरुआत में एम्स थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया गया था। ये धाराएं सार्वजनिक रास्ते पर लापरवाही से वाहन चलाने और लापरवाही के कारण मौत होने से संबंधित हैं। जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और शिकायतकर्ता की ओर से दिए गए दूसरे प्रार्थना पत्र के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में BNS की धारा 103(1) यानी हत्या और धारा 61(2) यानी आपराधिक षड्यंत्र भी जोड़ दीं। इसके बाद आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई।
एसपी सिटी ने गिरफ्तारी की पुष्टि की
गोरखपुर के एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि 18 नवंबर को रोड शो के दौरान हुई घटना के मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पहले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और इसके बाद शनिवार को तीन अन्य आरोपियों को पकड़ा गया। सभी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई है। पुलिस के मुताबिक, मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान के लिए सर्विलांस और दूसरे साक्ष्यों का सहारा लिया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि रोड शो में इस्तेमाल की गई मशीनों की व्यवस्था किसने की थी और घटना में शामिल अन्य लोगों की क्या भूमिका थी।
राजनीतिक बयानबाजी के बीच जांच जारी
इस घटना के बाद प्रदेश की राजनीति में भी बयानबाजी तेज हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया था। वहीं, अखिलेश यादव ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कुछ सपा कार्यकर्ताओं को गलत तरीके से फंसाए जाने का आरोप लगाया था। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग भी की थी। फिलहाल पुलिस का कहना है कि कार्रवाई उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।