Indigo Flight Ticket Price News : दीवाली और छठ पूजा से ठीक पहले हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ा झटका लगा है। देश की सबसे बड़ी विमानन कंपनी इंडिगो ने आज घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने की घोषणा कर दी है। जेट ईंधन (ATF) की बढ़ती कीमतों को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। यह नई दरें 6 अक्टूबर यानी कल से प्रभावी हो जाएंगी। टिकट बुक करना पहले से काफी महंगा हो जाएगा।

100 से 350 रुपए का अतिरिक्त फ्यूल सरचार्ज जुड़ेगा

कंपनी के अनुसार घरेलू रूटों पर उड़ानों की दूरी के आधार पर 100 रुपए से 350 रुपए तक का अतिरिक्त फ्यूल सरचार्ज जोड़ा जाएगा। मतलब छोटी और लंबी दूरी की उड़ानों के लिए यात्रियों को अलग-अलग अतिरिक्त शुल्क चुकाना होगा। केवल देश के भीतर ही नहीं, बल्कि विदेशी उड़ानों पर भी यह बढ़ा हुआ चार्ज लागू होगा। अंतरराष्ट्रीय रूटों पर सरचार्ज कितना लगेगा, यह संबंधित रूट और तय की जाने वाली दूरी पर निर्भर करेगा। ऐसे में त्योहारी सीजन में विदेश जाने की योजना बना रहे लोगों का बजट भी बिगड़ना तय है।

क्यों बढ़ाना पड़ा फ्यूल सरचार्ज?

विमानन ईंधन यानी एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) के दामों में हाल में अभूतपूर्व बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इंडिगो के अनुसार पिछले कुछ समय में ईंधन की कीमतें महीने-दर-महीने 14 प्रतिशत से भी अधिक बढ़ी हैं, जिससे ATF के दाम पिछले एक दशक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए हैं। किसी भी एयरलाइन के संचालन लागत (ऑपरेटिंग कॉस्ट) में सबसे बड़ा हिस्सा ईंधन का ही होता है। ईंधन महंगा होने से उड़ानों का खर्च काफी बढ़ गया था, जिसकी भरपाई के लिए कंपनी को यह फैसला लेना पड़ा।