जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के दुर्गम पहाड़ी इलाके से दो विशेष पुलिस अधिकारी (SPO) लापता हो गए हैं। बुधवार को दोनों अपने निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंचे, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों में चिंता बढ़ गई। उनकी तलाश के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस और सेना की राष्ट्रीय राइफल्स ने संयुक्त अभियान शुरू किया है। घने जंगलों और कठिन पहाड़ी रास्तों वाले इलाके में सुरक्षा बलों की टीमें तलाशी अभियान चला रही हैं। लापता अधिकारियों की पहचान 45 वर्षीय रशपाल कुमार और 57 वर्षीय बाबी चंद के रूप में हुई है। दोनों स्थानीय पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) में तैनात थे और किश्तवाड़ के दच्छन क्षेत्र के कियार गांव में उनकी पोस्टिंग थी।

कियार कैंप से सेना की चौकी के लिए निकले थे दोनों

अधिकारियों के मुताबिक, दोनों SPO कियार कैंप से धरना-मरवाह स्थित सेना की चौकी के लिए रवाना हुए थे, लेकिन तय समय तक वहां नहीं पहुंचे। शुरुआत में उनके मोबाइल फोन चालू थे और संपर्क हो पा रहा था, लेकिन बाद में दोनों के फोन बंद हो गए। इसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई। सुरक्षा बलों ने आसपास के इलाकों के साथ दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों और घने जंगलों में भी तलाशी अभियान तेज कर दिया है। फिलहाल दोनों के लापता होने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

आतंकी गतिविधि से जोड़ना जल्दबाजी

किश्तवाड़ का दच्छन-मरवाह क्षेत्र दुर्गम होने के साथ-साथ पहले भी आतंकी गतिविधियों को लेकर चर्चा में रहा है। हालांकि, अधिकारियों ने फिलहाल दोनों SPO के लापता होने की घटना को आतंकवादी गतिविधि से जोड़ने से बचने की बात कही है। उनका कहना है कि जांच और तलाशी पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। कुछ मीडिया रिपोर्टों में इलाके में गोली चलने की आवाज सुनाई देने की बात कही गई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

किश्तवाड़ में पहले भी चल चुके हैं आतंकरोधी अभियान

किश्तवाड़ के दूरदराज और जंगलों से घिरे इलाकों में सुरक्षा बल पहले भी आतंकियों की तलाश में कई अभियान चला चुके हैं। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और घने जंगलों के कारण इन क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाना चुनौतीपूर्ण रहता है। दो SPO के लापता होने के बाद सुरक्षा एजेंसियां उनकी तलाश में जुटी हैं। फिलहाल सबसे बड़ी प्राथमिकता दोनों का पता लगाना और उनके लापता होने के हालात स्पष्ट करना है।