जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के जंगालपोरा में लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर मोहम्मद लतीफ भट के मारे जाने के बाद एक अलग तस्वीर देखने को मिली। सुरक्षा बलों के अभियान के दौरान न तो भीड़ जुटी और न ही पत्थरबाजी या आतंकियों के समर्थन में नारेबाजी हुई। यह इलाका कभी आतंकियों के प्रभाव और अलगाववादी गतिविधियों के लिए जाना जाता था। ऐसे में इस बार स्थानीय स्तर पर शांति बने रहना काफी अहम माना जा रहा है।
कभी आतंकी के जनाजे में जुटे थे 20 हजार लोग
दक्षिण कश्मीर का जंगालपोरा और इसके आसपास का इलाका एक समय आतंकवाद और अलगाववादी गतिविधियों का मजबूत केंद्र माना जाता था। यहां किसी आतंकी के मारे जाने पर बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आते थे। कई बार सुरक्षा बलों की घेराबंदी तोड़ने और मुठभेड़ में बाधा डालने की कोशिशें भी होती थीं। इसका उदाहरण 24 फरवरी 2004 की घटना है। उस दिन सुरक्षा बलों ने हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर अब्दुल मजीद भट्ट उर्फ आरिफ खान को मार गिराया था। अगले दिन उसके जनाजे में करीब 20 हजार लोग शामिल हुए थे। अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी ने भी जनाजे को संबोधित किया था। उस दौरान आजादी और पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाए गए थे।
लतीफ भट के खिलाफ ऑपरेशन के दौरान नहीं हुआ विरोध
करीब 22 साल बाद इसी इलाके में सुरक्षा बलों के अभियान के दौरान बिल्कुल अलग माहौल देखने को मिला। लश्कर कमांडर लतीफ भट के खिलाफ कार्रवाई के समय स्थानीय लोगों ने न तो पत्थरबाजी की और न ही सुरक्षा बलों के अभियान में बाधा डालने की कोशिश की। आतंकी के समर्थन में कोई बड़ा प्रदर्शन भी सामने नहीं आया। रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान से संचालित सोशल मीडिया हैंडल्स के जरिए स्थानीय लोगों को जुटाने की अपील किए जाने की बात सामने आई, लेकिन इसका असर दिखाई नहीं दिया। घटनास्थल के आसपास जो कुछ लोग नजर आए, वे मुख्य रूप से मुठभेड़ का घटनाक्रम देखने पहुंचे थे।
मस्जिद में छिपा था लश्कर कमांडर
18 नवंबर को कुलगाम के जंगालपोरा गांव में जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा बलों ने खुफिया सूचना के आधार पर संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया था। इस दौरान लतीफ भट एक मस्जिद में छिपा मिला। अधिकारियों ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कई बार समझाया। पुलिस अधिकारियों ने वीडियो कॉल के जरिए भी उससे बातचीत की, लेकिन उसने हथियार डालने से इनकार कर दिया। इसके बाद मस्जिद के भीतर से गोलीबारी शुरू हुई। सुरक्षा बलों ने धार्मिक स्थल की पवित्रता का ध्यान रखते हुए संयम बरता और आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। बाद में हुई मुठभेड़ में लतीफ भट मारा गया। पुलिस के अनुसार, वह 11 नवंबर को कुलगाम के अखरान इलाके में सीआरपीएफ चौकी पर हुए हमले में शामिल था, जिसमें तीन जवान घायल हुए थे।
आतंकवाद के प्रति बदले नजरिए की चर्चा
कश्मीर मामलों के जानकार रमीज मखदूमी के मुताबिक, जंगालपोरा में दिखी शांति को आतंकियों के प्रति स्थानीय समाज के बदलते रवैये के संकेत के रूप में देखा जा सकता है। अतीत में आतंकियों के जनाजे में भारी भीड़ जुटने और उनके समर्थन में नारेबाजी की घटनाएं सामने आती थीं। अब ऐसी तस्वीर पहले की तरह नजर नहीं आ रही है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि पहले आतंकियों को बचाने के लिए भीड़ जुटाने और सुरक्षा बलों के अभियानों में बाधा डालने की कोशिशें होती थीं। इस बार ऐसा कुछ नहीं हुआ। हालांकि, एक घटना के आधार पर पूरे कश्मीर के सामाजिक रुख का निष्कर्ष निकालना सही नहीं होगा, लेकिन जंगालपोरा में दिखाई दी शांति को घाटी में आए बदलाव के अहम संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।