हॉलीवुड की पॉपुलर जेनर सिस्टर्स ने सोशल मीडिया पर सबका अटेंशन ग्रैब कर लिया है। केंडल और काइली जेनर ने कुछ ऐसा किया कि भारतीय भी उनके पोस्ट को इग्नोर नहीं कर पा रहे हैं। इन दोनों बहनों के एक पोस्ट ने सोशल मीडिया पर नया विवाद खड़ा कर दिया है। इस बार उनका फैशन और पहनावा उनके लिए मुसीबत बन गया और अब केंडल पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने और भारतीय संस्कृति का अपमान करने के आरोप लगे हैं। दरअसल, केंडल जेनर की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें वो बिकिनी के ऊपर हिंदू धर्म के पवित्र प्रतीक 'ओम' और मंत्रों से छपा पीले रंग का कपड़ा पहने नजर आ रही हैं। 

बिकिनी पर पहना 'ओम' वाला कपड़ा 

ये तस्वीरें सामने आते ही कई भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स नाराज हो गए। विवाद बढ़ता देख काइली जेनर ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट का कमेंट सेक्शन बंद कर दिया। आपको बता दें, काइली जेनर ने 24 नवंबर को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर बहन केंडल के साथ कुछ तस्वीरें शेयर की थीं। ये तस्वीरें बहामास में दोनों बहनों की यॉट ट्रिप की हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये दोनों वहां हैली बीबर के 30वें जन्मदिन के जश्न के लिए पहुंची थीं। तस्वीरों में केंडल ब्लैक बिकिनी में दिखाई दे रही हैं। इसके साथ उन्होंने पीले रंग का कपड़ा लपेट रखा है, जिस पर 'ओम' बना हुआ है और धार्मिक मंत्र छपे हुए हैं। 

काइली और केंडल की हरकत पर भड़के लोग 

काइली ने तस्वीरों के साथ अपनी बहन की तारीफ करते हुए उन्हें दुनिया की सबसे प्यारी लड़की बताया है। शुरुआत में पोस्ट को काफी पसंद किया जा रहा था, लेकिन कुछ ही समय बाद कपड़ों पर बना ये धार्मिक प्रतीक विवाद का कारण बन गया। केंडल के इस लुक को देखकर कई भारतीय यूजर्स ने सोशल मीडिया पर आपत्ति जताई है। लोगों का कहना है कि 'ओम' सिर्फ कोई डिजाइन या फैशन प्रिंट नहीं है, बल्कि हिंदू धर्म में इसका विशेष आध्यात्मिक महत्व है। ऐसे पवित्र प्रतीक को बीचवियर के साथ इस्तेमाल करना उन्हें सही नहीं लगा। अब धर्म को फैशन का नया ट्रेंड बनाने पर लोग उन्हें ट्रोल कर रहे हैं। 

काइली ने कमेंट्स किए बंद 

आपको बता दें, हिंदू धर्म में 'ओम' को सबसे पवित्र ध्वनियों और प्रतीकों में से एक माना जाता है। पूजा-पाठ, मंत्र जाप, योग और ध्यान जैसी आध्यात्मिक गतिविधियों में इसका विशेष स्थान है। यही वजह है कि केंडल की तस्वीरों को लेकर आपत्ति उठाई जा रही है। इंस्टाग्राम पर लगातार बढ़ती ट्रोलिंग के बीच काइली ने अपनी पोस्ट के कमेंट्स बंद कर दिए हैं। हालांकि, उन्होंने न तो तस्वीरें डिलीट की और न ही अभी तक इस मामले पर कोई सफाई दी है।