बॉलीवुड एक्ट्रेस और डांसर नोरा फतेही एक बार फिर आपको एंटरटेन करने आ रही हैं। वो जल्द ही एक धमाकेदर डांस करते हुए नजर आ सकती हैं। अपने मूव्ज से सबके दिल जीतने के बाद नोरा एक बार फिर धमाका करने के लिए तैयार हैं। खबर है कि नोरा जल्द ही जॉन अब्राहम की अपकमिंग एक्शन फिल्म 'फोर्स 3' में नजर आएंगी। वो लीड किरदार में नहीं, बल्कि एक खास डांस नंबर के जरिए फिल्म का हिस्सा बनेंगी। इस गाने के साथ नोरा और जॉन की जोड़ी करीब 6 साल बाद फिर पर्दे पर वापसी करेगी।

'फोर्स 3' में होगा नोरा का गाना 

लेटेस्ट रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'फोर्स 3' के मेकर्स नोरा फतेही के लिए एक खास गाना तैयार कर रहे हैं। फिल्म की एक्शन से भरपूर कहानी को ध्यान में रखते हुए नोरा फतेही के इस ट्रैक को बड़े स्तर पर फिल्माने की प्लानिंग की जा रही है। गाने में जबरदस्त एनर्जी, शानदार म्यूजिक और नोरा के दमदार डांस मूव देखने को मिल सकते हैं। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक इस गाने को लेकर कोई ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं की है।

6 साल बाद फिर साथ दिखेंगे जॉन और नोरा 

आपको याद दिला दें, नोरा फतेही और जॉन अब्राहम इससे पहले भी कई सुपरहिट गानों में साथ नजर आ चुके हैं। दोनों की जोड़ी को सबसे ज्यादा पॉपुलैरिटी साल 2018 में आई फिल्म 'सत्यमेव जयते' के गाने 'दिलबर' से मिली थी। इस गाने में नोरा के करियर को बुलंदियों तक पहुंचा दिया। इसके बाद दोनों 2019 में फिल्म 'बाटला हाउस' के गाने 'ओ साकी साकी' में साथ दिखाई दिए। फिर 2021 में 'सत्यमेव जयते 2' के ट्रैक 'कुसु कुसु' में भी इन दोनों की जोड़ी नजर आई थी। इन गानों को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। अब 6 साल के बाद दोनों का दोबारा साथ आना फैंस के लिए किसी बड़े तोहफे से कम नहीं है।

कब रिलीज होगी फिल्म?

बता दें, 'फोर्स 3' में जॉन अब्राहम फिर से अपने पुराने किरदार यानी एसीपी यशवर्धन सिंह के रूप में नजर आने वाले हैं। इस फ्रेंचाइजी की शुरुआत 2011 में फिल्म 'फोर्स' से हुई थी। इसका दूसरा पार्ट साल 2016 में रिलीज हुआ था। अब तीसरी फिल्म के जरिए कहानी को आगे बढ़ाया जा रहा है। फिल्म में जॉन के साथ हर्षवर्धन राणे, तान्या मानिकतला और सूर्या शर्मा भी नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन भाव धूलिया कर रहे हैं। फिलहाल फिल्म की इसकी शूटिंग जारी है और इसे 19 मार्च 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी है।