कोलकाता एयरपोर्ट पर बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट में हाईजैक की धमकी मिली। विमान के टॉयलेट में एक धमकी भरा नोट मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को आइसोलेशन बे में खड़ा किया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद विमान की गहन तलाशी शुरू की गई।
उड़ान से पहले मिला धमकी वाला नोट
जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया की ये फ्लाइट बुधवार सुबह करीब 10:20 बजे कोलकाता से मुंबई के लिए रवाना होने वाली थी। उड़ान से ठीक पहले फ्लाइट के वॉशरूम में एक नोट मिला, जिसमें लिखा था कि विमान को सुबह 11:10 बजे हाईजैक किया जाएगा। कोलकाता एयरपोर्ट के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि नोट मिलने के बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल तत्काल लागू कर दिए गए। विमान में सवार सभी यात्रियों को उतारकर उसे आइसोलेशन बे में भेज दिया गया।
सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू की जांच
धमकी मिलने के बाद फौरन एयरपोर्ट पर सुरक्षा इंतजाम और भी कड़े कर दिए गए। संबंधित एजेंसियों ने विमान की तलाशी शुरू की और ये पता लगाने की कोशिश की कि धमकी भरा नोट किसने लिखा था। यात्रियों और विमान से जुड़े सुरक्षा पहलुओं की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है। विमान की जांच पूरी होने और सुरक्षा मंजूरी मिलने के बाद ही आगे की उड़ान को लेकर फैसला लिया जाएगा।
धमकी भरा नोट किसने और किस मकसद से लिखा?
इस घटना के बाद पैसेंजर्स को फ्लाइट से उतारकर सुरक्षित जगह पर रखा गया है। एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल ये पता नहीं चल पाया है कि धमकी भरा नोट किसने और किस मकसद से लिखा था। अभी प्रशासन इन सवालों के जवाब ढूंढने में लगा हुआ है और मामले की जांच जारी है।