Kulgam Terrorist Attack News : जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले का अखरान इलाका बुधवार यानी 11 नवंबर 2026 को अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। AK-47 राइफलों से लैस दो आतंकवादी वहां पहुंचे और चौकी पर तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) जवानों पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। वैसे, जवानों ने बहादुरी और सूझबूझ का परिचय देते हुए आतंकवादियों के बड़े और खतरनाक हमले के मंसूबों को नाकाम कर दिया। इस कायराना हमले में सीआरपीएफ के 3 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक की हालत नाजुक है। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर आतंकवादी पास के जंगलों की तरफ फरार हो गए। इस वारदात के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा बलों ने पूरी तरह घेर लिया है। संदिग्ध ठिकानों पर आवाजाही रोकने के लिए जगह-जगह कड़े बैरिकेड्स लगाए गए हैं। संवेदनशील सड़कों पर बख्तरबंद गाड़ियों को तैनात कर दिया गया है। आतंकवादियों की धरपकड़ के लिए सीमा सुरक्षा बल (BSF), कश्मीर पुलिस और एसओजी (विशेष अभियान समूह) की संयुक्त टीमें बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चला रहीं। साथ ही आसपास की दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे। सुरक्षा एजेंसियों को पुख्ता शक है कि हमले के पीछे प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का स्थानीय कमांडर मोहम्मद लतीफ भट शामिल हो सकता है।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ खौफनाक मंजर
कुलगाम में बुधवार को हुए हमले का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें पूरी घटना स्पष्ट रूप से देखी जा सकती है। वीडियो के मुताबिक मीर बाजार क्षेत्र स्थित कुछ बंद दुकानों के बाहर फुटपाथ पर सीआरपीएफ के जवान आराम से बैठे थे। दोपहर 2:06 बजे अचानक गोलियों की आवाज गूंजने लगीं। गोलियां जवानों के ठीक पास जमीन पर आकर धंसने लगीं, जिससे वहां चारों तरफ धूल का गुबार उठ गया। जवानों ने बिना एक पल गंवाए अपनी सुरक्षा के लिए कवर लिया और कुछ पलों में ही जवाबी फायरिंग की। इस सीसीटीवी फुटेज में गोलियों की तीव्र आवाज, साथियों को सतर्क करते हुए जवानों की पुकार और वहां पैदा हुए अफरा-तफरी के माहौल को साफ सुना जा सकता है। कैमरे की पहुंच से दूर एक घायल जवान दर्द से तड़पते हुए जोर से चिल्लाता हुआ सुनाई देता है, हमें गोली लगी है, जल्दी आओ। इस पूरे रोंगटे खड़े कर देने वाले वीडियो में 25 से 30 राउंड फायरिंग रिकॉर्ड दर्ज हुई है।
आतंकी लतीफ भट पर गहराया शक
खुफिया सूत्रों का मानना है कि यह हमला लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी मोहम्मद लतीफ भट द्वारा कराया या अंजाम दिया गया हो सकता है। वह दक्षिण कश्मीर के इलाके में काफी समय से सक्रिय वांटेड स्थानीय आतंकवादी है। अधिकारियों का कहना है कि हमले का तौर-तरीका उन तमाम पिछले हमलों से पूरी तरह मिलता है, जिनका संबंध पहले भी इसी आतंकी से जोड़ा जाता रहा है। शुरुआती सुरागों के आधार पर लतीफ भट के इशारे पर सीआरपीएफ कैंप को निशाना बनाए जाने की आशंका जताई जा रही।
पांच साल तक लश्कर के नेटवर्क का हिस्सा रहा था लतीफ
खुफिया रिपोर्ट्स के अनुसार एक सक्रिय आतंकवादी बनने से पहले मोहम्मद लतीफ भट 5 लंबे वर्षों तक दक्षिण कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के ओवर ग्राउंड नेटवर्क (OGW) के लिए काम करता था। वह पहली बार सुरक्षा एजेंसियों की रडार पर तब आया था, जब अमरनाथ यात्रा के दौरान अनंतनाग के लाल चौक पर जम्मू-कश्मीर पुलिस के सहायक उप-निरीक्षक (ASI) की निर्मम हत्या कर दी गई थी। सूत्रों को अंदेशा है कि इस वारदात के दौरान लतीफ भट के साथ कोई पाकिस्तानी आतंकवादी भी मौजूद हो सकता है। वैसे, इन तमाम जानकारियों की गहनता से जांच की जा रही और हमलावरों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
घायल बहादुर जवानों की पहचान
कांस्टेबल संतोष चंद्रू (पश्चिम बंगाल): इन्हें पेट और स्पाइन (रीढ़ की हड्डी) में गोली लगी है। हालत बेहद गंभीर है।
कांस्टेबल राकेश दास (असम): पैर में गोली लगी है। हालत स्थिर है।
हेड कांस्टेबल सोमवीर सिंह (मध्य प्रदेश): बांह में गोली लगी है। हालत खतरे से बाहर है।
आतंकी नेटवर्क पर बढ़ता दबाव और सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई
कुछ महीनों के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने दर्जनों संदिग्ध ओवर ग्राउंड वर्करों (OGW) को दबोचा और संदिग्ध स्लीपर सेल नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। कम-से-कम 8 बड़े आतंकी ठिकानों को जमीदोज किया है। काफी संख्या में अत्याधुनिक हथियार, गोला-बारूद व युद्धक सामग्री बरामद की गई। सूत्रों का कहना है कि सीमा पार बैठे आतंकी आकाओं तथा उनके स्थानीय मददगारों पर लगातार कसते शिकंजे के कारण पैदा दबाव के चलते सक्रिय आतंकवादियों और ओजीडब्ल्यू ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के मकसद से ये हरकतें की हो सकती हैं। जांच एजेंसियां इस बात की भी बारीकी से पड़ताल कर रहीं कि क्या ताजा हमला भी इसी तरह के किसी सीधे निर्देश का हिस्सा था। वहीं, जम्मू-कश्मीर के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) एसपी वैद्य का कहना है कि केंद्र शासित प्रदेश में लगातार सुधरते तथा सामान्य होते हालातों से आतंकवादी बौखला चुके हैं। वे अपनी उपस्थिति दिखाने के लिए किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।