मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में सोमवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घटना छपारा कस्बे के महावीर वार्ड स्थित जैन मोहल्ले की है, जहां एक सर्राफा व्यापारी के तीन मंजिला मकान में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे के समय घर में कुल 10 लोग मौजूद थे। दमकल और बचाव दल ने चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन छह लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी।

सुबह 4 बजे के आसपास लगी आग

जानकारी के मुताबिक, यह मकान सर्राफा व्यापारी कुंदन लाल सोनी का था। सोमवार सुबह करीब 4 से 4:30 बजे के बीच परिवार के लोग घर में सो रहे थे, तभी अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते लपटों और धुएं ने पूरे तीन मंजिला मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद लोगों को संभलने का पर्याप्त मौका नहीं मिला।

तीन महिलाओं और एक नाबालिग समेत छह की मौत

पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कुंदन लाल सोनी (75), उनकी पत्नी राजकुमारी सोनी (65), ऋतु सोनी (42), स्मृति सोनी (40), सूर्या सोनी (45) और आदित्य सोनी (16) के रूप में हुई है। मृतकों में तीन महिलाएं और एक नाबालिग शामिल हैं। आग की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और बचाव दल मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और घर में फंसे चार लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के समय मकान में कुल 10 लोग मौजूद थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छह लोगों की मौत हुई है, जबकि चार को बचा लिया गया।

आग लगने की वजह का पता नहीं

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दीपावली के अगले दिन हुए इस हादसे से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।