मणिपुर में एक बार फिर हिंसा की घटना सामने आई है। गुरुवार को कांगपोकपी जिले के ताफौ कुकी गांव के पास हुई गोलीबारी में कुकी समुदाय की एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घटना के समय महिला खेत में धान की कटाई का काम कर रही थी। गोलीबारी के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया है। कुकी संगठन कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी (CoTU) ने विरोध में कांगपोकपी जिले में 48 घंटे के बंद का आह्वान किया है। अधिकारियों के मुताबिक, गोलीबारी गुरुवार सुबह करीब 11 बजे ताफौ कुकी गांव और पड़ोसी सेनापति जिले के कैलेंगजांग इलाके के बीच हुई। मिली जानकारी के अनुसार, दो प्रतिद्वंद्वी सशस्त्र गुटों के बीच फायरिंग हुई थी। गोलीबारी किसने शुरू की और इसमें कौन-कौन शामिल था, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
खेत में काम कर रही महिला को लगी गोली
इस गोलीबारी में जान गंवाने वाली महिला की पहचान ताफौ कुकी गांव की रहने वाली किमनेइनेंग चोंगलोई के रूप में हुई है। फायरिंग के दौरान वह खेत में धान की कटाई कर रही थीं। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में एस. डेविड चोंगलोई और लामखोचोन चोंगलोई नाम के दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और खेतों में काम कर रहे लोग अपनी जान बचाने के लिए वहां से भाग निकले।
कुकी संगठन ने 48 घंटे के बंद का किया ऐलान
घटना के बाद कुकी संगठन कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी (CoTU) ने कांगपोकपी जिले में 48 घंटे के पूर्ण बंद की घोषणा की। संगठन ने राज्य सरकार से इलाके से सभी सुरक्षाबलों को हटाने की मांग भी की है। उसका आरोप है कि सुरक्षा बल स्थानीय नागरिकों को सुरक्षा देने में नाकाम रहे हैं। वहीं, मणिपुर की उपमुख्यमंत्री नेमचा किपगेन ने महिला की हत्या की निंदा की है। उन्होंने घटना की त्वरित, निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराने की मांग की। साथ ही दोषियों को कानून के तहत सजा दिलाने और सभी समुदायों से शांति बनाए रखने की अपील की।
इलाके में अतिरिक्त सुरक्षाबल तैनात
गोलीबारी के बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में सीआरपीएफ, बीएसएफ और असम राइफल्स के अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया है। सुरक्षाबलों ने आसपास के गांवों में तलाशी अभियान भी शुरू किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा बलों की आवाजाही को लेकर विरोध भी जताया। तनाव को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
दो कुकी युवकों की हत्या के बाद पहले से तनाव
ताफौ कुकी गांव में ताजा गोलीबारी की घटना ऐसे समय हुई है, जब इलाके में पहले से तनाव बना हुआ है। इसी गांव के दो युवक पाओगिनलाल हैंगशिंग और टिंगिनलुन चोंगलोई 28 अक्टूबर को लापता हो गए थे। एक नवंबर को पड़ोसी सेनापति जिले में तलाशी अभियान के दौरान उनके शव बरामद किए गए थे। इस घटना के बाद कुकी संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया था। CoTU की प्रमुख मांगों में ताफौ कुकी गांव को सेनापति के बजाय कांगपोकपी जिला पुलिस के अधिकार क्षेत्र में शामिल करना भी है। संगठन का कहना है कि गांव की भौगोलिक स्थिति कांगपोकपी के अधिक करीब है। दो युवकों की हत्या के मामले को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंपे जाने की प्रक्रिया भी चर्चा में रही है।
उखरुल जिले में भी गोलीबारी, एक किसान घायल
मणिपुर के उखरुल जिले के सिनाकेइथी इलाके से भी गोलीबारी की खबर सामने आई है। यहां धान की कटाई कर रहे किसानों की ओर संदिग्ध हथियारबंद लोगों ने गोलियां चलाईं। इस घटना में न्यूटन महुंग नाम के एक किसान के कंधे में गोली लगी। सुरक्षाबलों ने घायल किसान को अस्पताल पहुंचाया और दूसरे किसानों को सुरक्षित बाहर निकाला। लगातार सामने आ रही गोलीबारी की घटनाओं ने राज्य में शांति बहाली की कोशिशों के सामने एक बार फिर चुनौती खड़ी कर दी है।