डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो में शुक्रवार को एक सैन्य विमान हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना में दो वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों समेत कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई। हादसा देश के क्वांगो प्रांत के केंगे इलाके में हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विमान दक्षिण-पश्चिमी शहर किकवित से देश की राजधानी किंशासा की तरफ वापस उड़ान भर रहा था। उड़ान के दौरान विमान में तकनीकी खराबी आई। पायलट ने विमान को केंगे इलाके में उतारने की कोशिश की, लेकिन कोई उपयुक्त रनवे उपलब्ध नहीं होने की वजह से विमान एक रिहायशी इलाके में हादसे का शिकार हो गया। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, हादसे में विमान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दो लेफ्टिनेंट जनरल भी मारे गए
कांगो की सेना प्रवक्ता मेजर जनरल एफोमी एकेंगे ने जानकारी देते हुए बताया है कि हादसे में सैन्य अदालत के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल मुतोम्बो कातलायी तिएंदे और सशस्त्र बलों के ऑडिटर जनरल लेफ्टिनेंट जनरल बाकुमी लिकुलिया की भी मौत हुई है। इनके अलावा विमान में सवार प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों और चालक दल के लोगों की भी हादसे में जान चली गई।
शवों की पहचान करना मुश्किल
अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना के बाद विमान में आग लग गई थी। कई शव इतनी बुरी तरह जल गए कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया। पायलट का शव विमान के मलबे से बाहर मिला। हादसे की भयावहता को देखते हुए घटनास्थल पर राहत और जांच से जुड़ी टीमें पहुंचीं।
दुर्घटना की जांच शुरू
कांगो के अधिकारियों ने हादसे की वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के बोर्ड अध्यक्ष ट्राइफॉन किन-किये मुलुम्बा ने कहा कि फिलहाल दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। जांच में विमान की तकनीकी स्थिति और हादसे से पहले सामने आई समस्या समेत अन्य पहलुओं को देखा जाएगा।