Diwali Fire Accidents : दिवाली की खुशियों के बीच देश के अलग-अलग हिस्सों से बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबरें सामने आई हैं। दीवाली की रात पटाखों और अन्य कारणों से लगी भीषण आग की चपेट में आने से कुल 23 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। कई लोग घायल हैं और कुछ लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। इन हादसों ने कई हंसते-खेलते परिवारों को हमेशा के लिए उजाड़ दिया है। 

मध्य प्रदेश में सबसे बड़ा दर्द: दो घरों में जलकर 13 लोगों की मौत

सबसे ज्यादा जानमाल का नुकसान मध्य प्रदेश में देखने को मिला। यहां दो अलग-अलग जिलों में घरों में लगी आग ने एक परिवार के कई सदस्यों की जिंदगी निगल ली।

कटनी जिला: यहां एक मकान में भीषण आग लग गई, जिससे एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 3 मासूम बच्चे भी हैं। उनमें एक की उम्र महज 2 महीने की थी।

सिवनी जिला: सिवनी में एक सराफा व्यापारी के घर में आग लगने से 6 लोगों की मौत हो गई। जान गंवाने वालों में 16 साल का किशोर भी था।

आंकड़े: मध्य प्रदेश में जान गंवाने वाले लोगों में 5 महिलाएं, 3 पुरुष और 4 बच्चे शामिल हैं।

महाराष्ट्र में कई जगह कोहराम: धाराशिव से मुंबई तक तबाही

धाराशिव जिला: यहां एक किराने की दुकान के ठीक ऊपर बने मकान में रहने वाले एक ही परिवार के सभी 6 सदस्यों की आग लगने से मौत हो गई।

मुंबई: लोखंडवाला इलाके में आग लगने की अन्य दुर्घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई।

मुंबई: डोंगरी इलाके में भीषण आग लगने से कई दुकानें और झुग्गियां जल गईं। दादर के कामगार स्टेडियम में भी आग भड़क उठी, जिस पर मुस्तैद दमकलकर्मियों ने 17 मिनट में पूरी तरह काबू पा लिया।

पुणे: पुणे शहर में दीवाली की रात आग लगने की 63 छोटी-बड़ी घटनाएं दर्ज की गईं। गनीमत रही कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पुणे के वडगांव शेरी इलाके में भी आग लगने की घटना हुई।

ठाणे और नागपुर : ठाणे की 17 मंजिला बहुमंजिला बिल्डिंग में भी आग लग गई। राहत की बात रही कि कोई घायल नहीं हुआ। नागपुर के टीवीएस शोरूम में आग लगने से अंदर रखे कई दोपहिया वाहन जल गए।

मुंबई: विद्या विहार इलाके में भी आग लगने की घटना सामने आई।

राजस्थान, दिल्ली और अन्य राज्यों में भी बरपा कहर

पाली (राजस्थान): पाली जिले में पटाखों की एक दुकान में भयानक आग लग गई, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई। 3 लोग लापता हैं। इस दुर्घटना में तीन दुकानें और कई दो पहिया वाहन पूरी तरह जलकर स्वाहा हो गए।

नरेला (दिल्ली): राजधानी दिल्ली के नरेला इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना में, एक 10 साल का बच्चा रॉकेट पटाखा सीधे पेट में लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।

बांदा (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में कबाड़ की दुकान में लगी आग के कारण 20 से 25 लाख रुपए का भारी नुकसान हुआ है।

जम्मू: जम्मू के प्रसिद्ध नेहरू मार्केट में आग लगने से 12 से ज्यादा दुकानें जल गईं।

अन्य इलाके: असम के जोनाई, सिक्किम की राजधानी गंगटोक और गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके से आग लगने की दुर्घटनाएं सामने आईं। इन सभी आपदाओं के सामने आने के तुरंत बाद देश के अलग-अलग हिस्सों में दमकल विभाग और पुलिस की टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ राहत और बचाव कार्य में जुटी रहीं।