मुंबई की लोकल ट्रेन में महिलायों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। एक ऐसा ही मामला सामने आया है। एक 20 वर्षीय महिला को चलती ट्रेन में छेड़छाड़ का विरोध करने पर कथित तौर पर नीचे धक्का दे दिया है। इस हादसे में महिला का बायां हाथ ट्रेन के पहियों के नीचे आकर कट गया। उसके सिर में भी गंभीर चोटें आई हैं। घटना 4 नवंबर को नायगांव रेलवे स्टेशन के पास की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में 53 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

बोरिवली से विरार जा रही लोकल में हुई घटना

मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़िता 4 नवंबर की शाम बोरिवली से विरार जाने वाली लोकल ट्रेन में सफर कर रही थी। भीड़ के कारण वह दिव्यांग यात्रियों के लिए आरक्षित डिब्बे में चढ़ गई थी। इसी डिब्बे में मौजूद एक व्यक्ति ने कथित तौर पर उसके साथ गलत तरीके से छूने की कोशिश की। महिला ने इसका विरोध किया और आरोपी को चप्पल से मारा। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी और विवाद बढ़ गया।

नायगांव स्टेशन के पास ट्रेन से नीचे गिराया

आरोप है कि नायगांव स्टेशन के पास आरोपी ने महिला को धक्का दे दिया। वह दो डिब्बों के बीच से रेलवे ट्रैक पर जा गिरी। इसी दौरान ट्रेन चल पड़ी और उसका बायां हाथ पहियों की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों को उसकी जान बचाने के लिए कोहनी के नीचे से बायां हाथ काटना पड़ा। उसके सिर में भी चोट आई, जिस पर 16 टांके लगाए गए।

CCTV फुटेज से पकड़ा गया आरोपी

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। मामले की जांच कर रही भाईंदर रेलवे पुलिस ने स्टेशन और आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान जितेंद्र हिरमुखे के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसकी उम्र 53 वर्ष बताई गई है।

हत्या के प्रयास की धारा में भी मामला दर्ज

शुरुआत में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 117(2) और 352 के तहत मामला दर्ज किया था। ये धाराएं महिला की गरिमा भंग करने, गंभीर चोट पहुंचाने और अपमानित करने से संबंधित हैं। पीड़िता के परिजनों ने हत्या के प्रयास की धारा नहीं लगाए जाने पर नाराजगी जताई थी। इसके बाद उन्होंने रेलवे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर सख्त कार्रवाई की मांग की। बाद की मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला भी दर्ज किया है। इस घटना ने मुंबई की लोकल ट्रेनों में महिला यात्रियों की सुरक्षा और भीड़भाड़ वाले डिब्बों में निगरानी व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।