महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में एक युवक और युवती के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। कुर्ला पश्चिम स्थित एक सार्वजनिक पार्क में फोटो खींच रहे कपल को नाबालिग लड़कों के समूह ने घेर लिया और उनके साथ बदसलूकी की। विरोध करने पर आरोपियों ने युवक और युवती पर हमला कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आठ नाबालिगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
फोटो खींचते समय कपल पर की गई टिप्पणी
यह घटना कुर्ला पश्चिम में फीनिक्स मॉल के पीछे स्थित प्रमोद महाजन गार्डन की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, नवी मुंबई का रहने वाला युवक अपनी महिला साथी के साथ पार्क में घूमने और तस्वीरें खींचने गया था। इसी दौरान वहां मौजूद 8 से 10 लड़कों के समूह ने दोनों पर कथित तौर पर अश्लील टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं। कपल ने जब इसका विरोध किया तो मामला बढ़ गया। आरोप है कि लड़कों ने दोनों को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। वहां मौजूद कुछ लोगों ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
डंडे और मुक्कों से किया हमला
वायरल वीडियो में लड़कों का समूह युवक और युवती को घेरकर मारपीट करता दिखाई दे रहा है। कुछ लड़के युवक को मुक्के मारते हैं, जबकि एक अन्य उसे डंडे से पीटता नजर आता है। युवती अपने साथी को बचाने की कोशिश करती है, लेकिन उसके साथ भी बदसलूकी और मारपीट की जाती है। वीडियो में आरोपियों को कपल के पीछे दौड़ते हुए भी देखा जा सकता है। घटना के दौरान दोनों ने वहां से निकलने की कोशिश की, लेकिन लड़कों का समूह उनका पीछा करता रहा।
पुलिस ने आठ नाबालिगों को हिरासत में लिया
वीडियो सामने आने और पीड़ितों की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई की। घाटकोपर पुलिस ने आठ नाबालिगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 189(2), 189(4), 118(1), 352 और 351(2) के तहत केस दर्ज किया है।पुलिस उपायुक्त गणेश शिंदे के मुताबिक, मामले में आठ नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। आरोपियों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए किशोर न्याय बोर्ड (Juvenile Justice Board) के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस ने नाबालिगों के अभिभावकों को भी थाने में उपस्थित होने के लिए नोटिस जारी किए हैं।
भाजपा नेता किरीट सोमैया ने भी उठाया मामला
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पुलिस कार्रवाई की जानकारी साझा की और कहा कि वह इलाके का दौरा करेंगे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, घटना में शामिल सभी नाबालिगों की भूमिका और मारपीट की परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है।