नेपाल के मकवानपुर जिले में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक इलेक्ट्रिक माइक्रोबस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में 10 लोगों की जान चली गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए हैं। हादसा भीमफेदी ग्रामीण नगरपालिका के चिसापानी गढ़ी इलाके में हुआ है। इस हादसे के बाद इलाके में हलचल हो गई। ये हादसा कैसे हुआ चलिए इसके बारे में डिटेल में जानते हैं। 

700 मीटर गहरी ढलान में गिरी गाड़ी

पुलिस के मुताबिक, इलेक्ट्रिक माइक्रोबस काठमांडू से हेटौडा की ओर जा रही थी। गुरुवार सुबह वाहन चिसापानी गढ़ी के पास अचानक सड़क से नीचे उतर गया और करीब 700 मीटर गहरी ढलान में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्गम और खड़ी पहाड़ी होने के कारण राहत एवं बचाव अभियान में भी मुश्किलें आईं। हादसे में जान गंवाने वालों में तीन महिलाएं, पांच पुरुष और दो बच्चियां शामिल हैं। मकवानपुर जिला पुलिस के अनुसार, सभी मृतक नेपाल के सरलाही जिले की चक्रघट्टा ग्रामीण नगरपालिका के एक ही वार्ड के रहने वाले थे। वो छठ पर्व मनाने के लिए काठमांडू से अपने घर लौट रहे थे।

पांच घायलों को अस्पताल में करवाया गया भर्ती 

दुर्घटना में घायल पांच यात्रियों को इलाज के लिए हेटौडा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि घायलों में तीन पुरुष और दो लड़के शामिल हैं। हादसे के बाद एक तीन साल का बच्चा दुर्घटनास्थल के ऊपर पहाड़ी हिस्से में जीवित मिला, जिसे सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। मकवानपुर जिला पुलिस कार्यालय के प्रमुख एसपी श्याम खत्री भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस मृतकों की पहचान की औपचारिकताएं पूरी करने के साथ ही हादसे के कारणों की जांच कर रही है। अब तक ये हादसा क्यों और कैसे हुआ उसका असली कारण सामने नहीं आया है।