Israel Politics Update : इजराइल की राजनीति में इन दिनों भूचाल आया हुआ है। कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और पूर्व सेना प्रमुख गादी आइजनकोट के बीच सत्ता की जंग बेहद दिलचस्प मोड़ पर है। हाल में नेतन्याहू ने गादी आइजनकोट से मुलाकात कर देश में राष्ट्रीय एकता की सरकार बनाने का प्रस्ताव रखा था। नेतन्याहू का तर्क था कि ईरान के बढ़ते परमाणु खतरे से निपटने के लिए सभी बड़ी पार्टियों को मतभेद भुलाकर एक मंच पर आना चाहिए, क्योंकि कोई छोटी या आतंकवाद समर्थक दलों के समर्थन वाली सरकार इस बड़े खतरे का मुकाबला नहीं कर सकती। वैसे, इस मुलाकात के कुछ मिनटों बाद आइजनकोट ने नेतन्याहू के इस प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया।
नेतन्याहू की चालाकियां मुझ पर असर नहीं डालने वालीं: आइजनकोट
आइजनकोट ने कहा कि नेतन्याहू यह अच्छी तरह जानते हैं कि वे चुनाव हार चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वे पहले से सरकार बनाने की प्रक्रिया में जुटे हैं, तब नेतन्याहू यह चाल चल रहे और उनकी ऐसी चालाकियां उन पर असर नहीं डालने वालीं। बता दें, इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने पिछले हफ्ते पूर्व सेना प्रमुख गादी आइजनकोट को नई सरकार के गठन की जिम्मेदारी सौंपी है, जिसके लिए उन्हें 28 दिनों का समय मिला है और जरूरत पड़ने पर इसे 14 दिन और बढ़ाया जा सकता है।
ईरान के परमाणु खतरे और नेतन्याहू की चिंताएं
इस सियासी उठा-पटक के बीच नेतन्याहू ने शनिवार यानी 14 नवंबर 2026 को एक वीडियो संदेश जारी कर देश की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। उन्होंने दावा किया कि ईरान फिर अपने परमाणु कार्यक्रम को तेजी से आगे बढ़ाने की जुगत में लगा है। ईरान का एकमात्र उद्देश्य इजराइल का नामोनिशान मिटाना है और मौका मिलते ही वह परमाणु हथियारों का इस्तेमाल करने से नहीं चूकेगा। इजराइल को इस परमाणु खतरे को जड़ से खत्म करना होगा और इसी राष्ट्रीय जरूरत के तहत एक मजबूत एकता सरकार का होना बेहद जरूरी है।
चुनाव परिणाम और बहुमत का गणित
इजराइल में 27 अक्टूबर को हुए आम चुनाव में किसी भी दल या गठबंधन को स्पष्ट बहुमत नहीं मिल सका था। 120 सीटों वाली संसद यानी नेसेट में चुनावी नतीजे बेहद कांटे के रहे। नेतन्याहू गठबंधन को 53 सीटें मिलीं। गादी आइजनकोट के चार दलों वाले गठबंधन को 48 सीटों पर संतोष करना पड़ा। अरब दलों ने शानदार प्रदर्शन कर 19 सीटें अपने नाम कीं। चुनाव के बाद राष्ट्रपति ने जब सांसदों से उनकी पसंद पूछी तो 67 सांसदों ने गादी आइजनकोट के समर्थन में हाथ उठाया, जबकि नेतन्याहू के पक्ष में सिर्फ 46 सांसद ही खड़े हुए। इसी बहुमत के आंकड़े के आधार पर राष्ट्रपति ने आइजनकोट को सरकार बनाने का पहला मौका दिया।
अल्पमत सरकार बनाने का आइजनकोट का मास्टर प्लान?
कम सीटों के बावजूद गादी आइजनकोट ने हार नहीं मानी है और वे अल्पमत में रहकर भी सरकार का ताना-बाना बुन रहे हैं। उनके इस अनोखे प्लान के तहत सरकार के पक्ष में उनके गठबंधन के 48 सांसद वोट डालेंगे। विरोध में नेतन्याहू गुट के 46 सांसद खड़े होंगे। बचे 26 सांसद (जिनमें अरब और अति-रूढ़िवादी दलों के सदस्य हैं) इस पूरी वोटिंग प्रक्रिया से दूर यानी तटस्थ रहेंगे। इस समीकरण से विरोधी खेमे के मुकाबले समर्थन का पलड़ा भारी हो जाएगा और आइजनकोट की सरकार आसानी से सदन में बहुमत साबित कर लेगी। हालांकि, आइजनकोट ने यह साफ कर दिया है कि वे अरब दलों को अपनी सरकार में शामिल नहीं करेंगे, लेकिन वे इतना जरूर चाहते हैं कि ये दल मतदान के वक्त सदन से दूर रहें।
कट्टरपंथी नेताओं को लेकर तकरार और नस्लवादी अभियान के आरोप
सरकार गठन की राह में कट्टरपंथी नेताओं का मुद्दा भी बड़ा विवाद बन गया है। नेतन्याहू चाहते हैं कि बनने वाली एकता सरकार में मध्य पंथी और दक्षिणपंथी यहूदी दल तो शामिल हों, लेकिन अरब दलों को बाहर रखा जाए। नेतन्याहू के सहयोगियों ने यहां तक आरोप लगाया है कि अरब दलों ने चुनाव चुराया है। हालांकि, इस बेबुनियाद आरोप के समर्थन में उन्होंने ठोस सबूत नहीं दिए हैं। दूसरी तरफ शुक्रवार को गादी आइजनकोट ने पलटवार करते हुए नेतन्याहू पर अरब दलों के खिलाफ नस्लवादी अभियान चलाने का गंभीर आरोप लगाया। आइजनकोट का कहना है कि वे नेतन्याहू की लिकुड पार्टी और बेजालेल स्मोट्रिच की धार्मिक जायोनिज्म पार्टी के नेताओं के साथ मिलकर सरकार चलाने के लिए तैयार हैं, बशर्ते वे एकता की बात पर पूरी ईमानदारी दिखाएं। आइजनकोट अपनी सरकार में दक्षिणपंथी मंत्री इतामार बेन-गविर के समर्थकों जैसे किसी भी कट्टरपंथी चेहरे को शामिल नहीं करना चाहते हैं।
मंगलवार को संसद के स्पीकर पद का बड़ा चुनाव
इजराइली संसद नेसेट में मंगलवार को होने जा रहा नया स्पीकर का चुनाव इस सियासी ड्रामे का अगला और सबसे अहम पड़ाव होगा। फिलहाल यह पद नेतन्याहू के करीबी सहयोगी आमिर ओहाना के पास है। मगर, विपक्षी खेमे ने उनकी काट के रूप में पूर्व सैन्य अधिकारी मटन कहाना को उम्मीदवार घोषित कर दिया है। यह मुकाबला तय करेगा कि आने वाले दिनों में संसद में किसका पलड़ा भारी रहेगा और नई सरकार बनाने की कोशिशों को कितनी रफ्तार मिलेगी।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQ)
1. इजराइल में वर्तमान में सरकार बनाने की जिम्मेदारी किसे और क्यों मिली है?
इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने पूर्व सेना प्रमुख गादी आइजनकोट को सरकार बनाने की जिम्मेदारी सौंपी है। दरअसल, संसद में 67 सांसदों ने उनका समर्थन किया था। वहीं, नेतन्याहू के पक्ष में सिर्फ 46 सांसद थे।
2. गादी आइजनकोट बिना बहुमत कैसे सरकार बनाना चाहते हैं?
आइजनकोट की योजना है कि उनके गठबंधन के 48 सांसद पक्ष में वोट डालें और नेतन्याहू के 46 सांसद विरोध करें, जबकि बाकी 26 सांसद (अरब और अति-रूढ़िवादी दल) वोटिंग से दूर रहें। इससे उन्हें सदन में जरूरी बढ़त मिल जाए।
3. नेसेट (संसद) का नया स्पीकर चुनाव कब है और उम्मीदवार कौन हैं?
इजराइली संसद नेसेट का नया स्पीकर चुनाव मंगलवार को होगा। वर्तमान में यह पद नेतन्याहू के सहयोगी आमिर ओहाना के पास है, जबकि विपक्ष ने उनकी जगह मटन कहाना को मैदान में उतारा है।