Jaualjibi Mela Controversy News : उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में आज यानी 14 नवंबर को ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का उद्घाटन समारोह राजनीतिक घमासान के कारण सुर्खियों में आ गया। भारत-नेपाल सीमा अवस्थित काली और गोरी नदियों के संगम पर आयोजित मेले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्षेत्र के लिए 102.72 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात घोषित की। मगर, उद्घाटन के पहले ही दिन मंच से पंडाल तक ऐसा सियासी भूचाल आया कि पूरा प्रशासनिक अमला सकते में आ गया।

मंच पर अपमान और माइक बंद होने से भड़के विधायक

विवाद की मुख्य वजह स्थानीय कांग्रेस विधायक हरीश धामी को मंच से बोलने का अवसर नहीं मिलना और अचानक उनका माइक बंद किया जाना बना। जब विधायक हरीश धामी मंच पर पहुंचे और उन्होंने अपनी बात रखनी चाही तो बीच में उनका माइक बंद किया गया। इस पर विधायक का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने मंच पर मौजूद अधिकारियों के साथ बहस शुरू कर दी। यह देखते ही देखते गाली-गलौज और तोड़फोड़ में बदल गई। कार्यक्रम स्थल पर भारी अफरा-तफरी और हंगामे का माहौल बन गया। विधायक का आरोप था कि यह पहला मौका है, जब किसी विधायक को अपने विधानसभा क्षेत्र के इतने अहम राजकीय कार्यक्रम में जनता के सामने बात रखने से रोका गया। उन्होंने सवाल उठाया कि अन्य राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों को मंच पर उचित स्थान क्यों नहीं दिया गया।

'डरपोक, भगोड़े और चोर'

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल से चले जाने के बाद भी विधायक हरीश धामी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उन्होंने प्रशासन को खुली चुनौती दी और दो टूक शब्दों में कहा कि प्रशासन गुंडागर्दी करेगा तो वे सबसे बड़े गुंडे हैं। मुख्यमंत्री पर सीधा और बेहद तीखा निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि लोग भले ही आपको धाकड़ धामी कहते हों, लेकिन असल में आप डरपोक और भगोड़ा हैं। अपने संबोधन और गुस्से के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को चोर तक कह डाला।

अधूरे वादों और 2027 के चुनाव पर खुली चुनौती

विधायक हरीश धामी ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि 2022 में जनता से जितनी भी घोषणाएं की गई थीं, वे अब तक अधूरी पड़ी हैं। शासन-प्रशासन स्तर पर विधायक की आवाज को दबाया जा रहा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वह मुख्यमंत्री से भी वरिष्ठ विधायक हैं और 2027 में वे इस पद पर नहीं रहेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री को खुली चुनौती दी कि वह 2027 के विधानसभा चुनाव में जहां से भी चुनाव लड़ेंगे, वे खुद वहां जाकर उनके खिलाफ विरोध में प्रचार करेंगे। इस घटनाक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के विरोध में नारेबाजी की। मुख्यमंत्री के जाने के बाद भी विधायक उन्हें भगोड़ा बताते रहे। इससे सीमांत क्षेत्र की राजनीति मेंवान और उबाल आ गए हैं।