Pakistan Minister India Visit : भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में जारी तनातनी के बीच बड़ी खबर सामने आई है। पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक आगामी सप्ताह भारत की यात्रा पर आने वाले हैं। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि मलिक 20 से 22 नवंबर के बीच नई दिल्ली में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के विशेष कार्यक्रम में उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहला बड़ा दौरा
मुसादिक मसूद मलिक की यह यात्रा इसलिए भी बेहद खास मानी जा रही, क्योंकि ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पहला मौका होगा, जब पाकिस्तान सरकार का कोई मंत्री भारतीय सरजमीं पर कदम रखेगा। इससे पहले साल 2023 के मई में पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी गोवा में हुई SCO बैठक का हिस्सा बनने भारत आए थे।
क्यों भारत आ रहे पाकिस्तानी मंत्री?
यह साफ किया गया है कि पाकिस्तानी मंत्री का यह दौरा भारत और पाकिस्तान के बीच किसी द्विपक्षीय वार्ता के लिए नहीं हो रहा है। वे केवल SCO के एक सदस्य देश के प्रतिनिधि के रूप में इस बहुपक्षीय आयोजन में शिरकत करेंगे। दरअसल, भारत ने संगठन के सभी सदस्य देशों को इस कार्यक्रम के लिए औपचारिक निमंत्रण भेजा था। गौरतलब है कि इससे पहले पिछले महीने पाकिस्तान के राष्ट्रीय विरासत एवं संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिची को भी इस आयोजन के लिए न्योता दिया गया था।
क्या है SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम?
नई दिल्ली में 20 से 22 नवंबर तक SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम यानी सभ्यता संवाद कार्यक्रम के पहले सत्र का आयोजन किया जा रहा। इस खास पहल की शुरुआत भारत ने पूरे यूरेशिया क्षेत्र में सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आम लोगों के बीच आपसी जुड़ाव को मजबूत करने के उद्देश्य से की है। इस तीन दिवसीय समिट में सभ्यताओं और संस्कृतियों के बीच संवाद बढ़ाने पर गहन चर्चा की जाएगी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की थी घोषणा
इस कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 20 अक्टूबर को की थी। उस वक्त वे ताजिकिस्तान की राजधानी दुशांबे में SCO की बैठक में हिस्सा लेने गए थे। वहीं, भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भी कहा था कि भारत ने सभी 10 सदस्य देशों को आमंत्रित किया है और नई दिल्ली सभी की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है।
कौन-कौन से देश हैं SCO का हिस्सा?
शंघाई सहयोग संगठन में 10 देश हैं। इनमें भारत, पाकिस्तान के अलावा चीन, रूस, ईरान, बेलारूस, कजाकिस्तान, किर्गि।