पंजाब के सीमावर्ती शहर पठानकोट में हथियारबंद बदमाशों ने बंदूक की नोक पर सफेद रंग की महिंद्रा XUV500 कार लूट ली। रविवार देर रात हुई इस वारदात के बाद पंजाब से लेकर जम्मू-कश्मीर तक सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पुलिस ने पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे और अंतरराज्यीय सीमाओं पर नाकेबंदी बढ़ाकर वाहनों की जांच शुरू कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि लूटी गई कार का इस्तेमाल किसी बड़ी आपराधिक या आतंकी गतिविधि में किया जा सकता है। अभी तक किसी आतंकी साजिश की पुष्टि नहीं हुई है।

रात करीब 11 बजे हुई वारदात

जानकारी के मुताबिक, घटना पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे के पास शहर के डाउनटाउन इलाके में रविवार रात करीब 11 बजे हुई। अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने चालक को बंदूक दिखाकर सफेद महिंद्रा XUV500 छीन ली और मौके से फरार हो गए। लूटी गई गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर PB35AA-9902 बताया गया है। यह वाहन पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्र बमियाल के एक निवासी के नाम पर पंजीकृत है।

पंजाब और जम्मू-कश्मीर पुलिस अलर्ट पर

घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। पंजाब और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पठानकोट से कठुआ, सांबा और जम्मू की ओर जाने वाले रास्तों पर नाकेबंदी तेज कर दी है। पुलिस चौकियों, PCR टीमों और हाईवे पर तैनात जवानों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। सभी वाहनों की जांच की जा रही है। खासतौर पर सफेद रंग की XUV500 पर नजर रखने को कहा गया है, ताकि लूटी गई गाड़ी का पता लगाया जा सके।

चालक के अपहरण को लेकर अलग-अलग जानकारी

इस घटना को लेकर पुलिस और कंट्रोल रूम से मिली जानकारियों में अंतर सामने आया है। जम्मू पुलिस कंट्रोल रूम की ओर से जारी अलर्ट में दावा किया गया कि हथियारबंद बदमाश चालक को भी अपने साथ ले गए और गाड़ी लेकर कठुआ की दिशा में निकले। पठानकोट के एसएसपी मनप्रीत सिंह ने स्पष्ट किया कि चालक का अपहरण नहीं हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि बदमाश जम्मू-कश्मीर की तरफ भागे हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

सुजानपुर पुलिस ने कार लूट की घटना की पुष्टि की है। पुलिस की टीमें आसपास के इलाकों और हाईवे पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और बदमाश किस रास्ते से फरार हुए। सीमावर्ती क्षेत्र में हुई इस घटना को सुरक्षा के लिहाज से गंभीरता से लिया जा रहा है। कार का इस्तेमाल किसी आतंकी वारदात में होने की आशंका फिलहाल जांच का विषय है।