PM Modi IIT Kharagpur News : पश्चिम बंगाल में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) खड़गपुर के प्लैटिनम जुबली समारोह के अवसर पर आज यानी 21 नवंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए। संस्थान के 75 वर्ष पूरे होने के खास मौके पर पीएम मोदी ने छात्रों-छात्राओं और शिक्षकों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक कैंपस में देश के बीते कल, आज और आने वाले समय की तस्वीर एक साथ नजर आती है। प्रधानमंत्री ने समय पर न पहुंच पाने के लिए सबसे पहले क्षमा मांगी। उन्होंने बताया कि खराब मौसम की वजह से उनका पहुंचना मुश्किल हो गया था। मौसम की बाधा के बाद उन्होंने सड़क के रास्ते कार्यक्रम स्थल तक जाने की कोशिश की, जिस कारण भी आने में देर हुई।

गरीबी हटाने के पुराने दावों और संसद के किस्से का जिक्र

समारोह में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आरएन रवि, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार भी उपस्थित थे। पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने पूरे आत्मविश्वास के साथ Break the Limits. Unlock the Possibilities. का संदेश दिया है। उन्होंने बताया कि बीस वर्ष पहले तक देश में गरीबी को एक ऐसी समस्या मान लिया गया था, जिसका कोई स्थायी हल नहीं है। 50 साल पहले लाल किले से गरीबी दूर करने के नारे गूंजते थे, लेकिन जब ठोस नीतियां बनाने और उन्हें लागू करने का समय आता, तो व्यवस्था उस विषय को फाइलों के नीचे दबा देती थी। प्रधानमंत्री के मुताबिक उस दौर में यह धारणा घर कर गई थी कि इतनी बड़ी आबादी के बीच गरीबी को समाप्त करना संभव नहीं है, इसलिए सही नीतियों को जमीन पर उतारने का साहस किसी ने नहीं दिखाया। अपने पुराने अनुभवों को साझा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जब वे पहली बार सत्ता में आए और लाल किले से गरीबों के लिए शौचालय निर्माण की बात कही, तो संसद में कई लोगों ने उनका उपहास उड़ाया। उनसे यह सवाल तक किया गया कि आखिर कैसा प्रधानमंत्री है, जो शौचालय बनवाने की बात कर रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि ऐसे लोग यह गहराई नहीं समझ सके कि गरीब परिवारों और खासकर गरीब महिलाओं व माताओं के लिए शौचालय की सुविधा कितनी बड़ी जरूरत है।

75 वर्षों में बदलते भारत और IIT खड़गपुर की भूमिका

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, IIT खड़गपुर के प्लैटिनम जुबली समारोह में उनके सामने प्रतिभा और बड़े सपनों से भरी युवा पीढ़ी खड़ी है। आज सभी लोग संस्थान के 75 वर्षों के सफर का जश्न मनाने और इसकी विरासत को सम्मान देने के लिए जुटे हैं। बीते 75 साल में इस संस्थान ने कई उपलब्धियां हासिल की हैं। इन 7 दशकों से अधिक के समय में देश ने बैलगाड़ी से बुलेट ट्रेन और चिट्ठी-पत्री से लेकर सोशल मीडिया तक हर बदलाव को करीब से देखा है। देश के पहले IIT के रूप में खड़गपुर ने हर दौर के इस बदलाव में अहम योगदान दिया है। पीएम ने कहा कि आकांक्षा से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ना ही विकसित भारत के निर्माण की असली ताकत है। प्रधानमंत्री ने याद दिलाया कि जब IIT खड़गपुर की शुरुआत हुई थी, तब देश को आजाद हुए ज्यादा समय नहीं हुआ था और पहला आम चुनाव भी नहीं हुआ था। उस वक्त नए भारत को उद्योगों और बुनियादी ढांचे के लिए कुशल इंजीनियरों की सख्त जरूरत थी। समय के साथ जैसे-जैसे देश की वैज्ञानिक ताकत बढ़ी, वैसे-वैसे यहां से निकले विद्यार्थियों ने अंतरिक्ष तथा परमाणु ऊर्जा के क्षेत्रों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

विकसित भारत का लक्ष्य और स्वामी विवेकानंद का संदेश

प्रधानमंत्री मोदी ने भरोसा दिलाया कि जब देश विकसित भारत बनने की दिशा में कदम बढ़ा रहा, तब IIT खड़गपुर के 75 वर्षों का अनुभव विकास एवं नवाचार के क्षेत्र में बड़ी भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि युवा पीढ़ी आकांक्षी भारत के सपनों को साकार करने में कोई कमी नहीं छोड़ेगी। अंत में पीएम मोदी ने छात्रों को नेशन फर्स्ट की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया और स्वामी विवेकानंद के प्रसिद्ध संदेश-उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए-के साथ अपनी बात पूरी की।