PM Modi Speech In FICCI Centenary Celebration : नई दिल्ली के भारत मंडपम में फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) के 100 वर्ष पूरे होने पर शताब्दी वर्ष सम्मेलन आयोजित किया गया। वर्ष 1927 में बनी इस संस्था के 100 साल पूरे होने पर आज यानी 19 नवंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने कहा कि किसी संगठन का 100 वर्षों तक लगातार सजग और सक्रिय रहना, समय के साथ खुद को ढालना और राष्ट्र की आर्थिक यात्रा में योगदान देते रहना एक बड़ी उपलब्धि है। इस बार सम्मेलन की थीम भारत 2047 रखी गई है। इसका मुख्य उद्देश्य आजादी के 100 वर्ष पूरे होने तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ देश के उद्योग जगत की प्राथमिकताओं को जोड़ना है।

बीती एक सदी में अर्थव्यवस्था के उतार-चढ़ाव

पीएम मोदी ने कहा कि बीते 100 वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था ने कई पड़ाव देखे हैं। देश ने लाइसेंस-कोटा राज का दौर भी देखा। राष्ट्रीयकरण के असफल प्रयोग भी देखे और 21वीं सदी में एक ऐसा दौर भी आया, जब भारतीय अर्थव्यवस्था को फ्रेजाइल फाइव में गिना जाने लगा था। पिछले 12 वर्षों में देशवासियों के परिश्रम से तस्वीर बदली है। युवाओं, किसानों, श्रमिक भाई-बहनों और उद्योग जगत के लोगों के योगदान से यह बदलाव संभव हुआ। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में भारत की प्रगति तेज गति से हो रही और गरीबी से बाहर निकलने की रफ्तार भी काफी तेज है। 

50 करोड़ लोगों ने गरीबी को पीछे छोड़ा: पीएम

पीएम मोदी ने वर्ल्ड बैंक की ताजा रिपोर्ट का जिक्र करते हुए बताया कि महज 12-13 वर्षों में भारत के 50 करोड़ लोगों ने गरीबी को पीछे छोड़ा है। 70 के दशक का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि उस समय जब गरीबी हटाओ का नारा दिया गया था, तब देश की आबादी 50 करोड़ थी। उनके मुताबिक गरीबी तब भी समाप्त हो सकती थी, लेकिन फिक्की भी इस बात की साक्षी है कि उस दौर में नीतियों और नीयत में कमी रही। जब सही नीयत से काम हुआ और सरकार सही दिशा में आगे बढ़ी तो 12-13 वर्षों में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकल आए। उन्होंने कहा कि यह इस बात का प्रमाण है कि भारत आज सही और सटीक दिशा में बढ़ रहा है और इसमें देश की सफलता की गारंटी है।

इंडिया फर्स्ट, स्वदेशी और कृषि क्षेत्र में निवेश का आह्वान

पीएम मोदी ने कहा कि अगले 20 वर्षों के अपने हर दीर्घकालिक निवेश के निर्णय में इंडिया फर्स्ट को आधार बनाया जाए। इससे देश आत्मनिर्भर बनेगा और कारोबार की वृद्धि के लिए नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि 100 वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन 1930 में महात्मा गांधी भी यही बात कहकर गए थे और आज इतने वर्षों बाद उन्हें भी वही बात कहनी पड़ रही। पीएम ने कहा, मेरी मत मानो, गांधी की तो मानो। वे भी स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत कहकर गए थे। मेरी इस बात को भी घर-घर में पहुंचाओ। पीएम मोदी ने उद्योग जगत से अपील की कि वे भारत के कृषि क्षेत्र में निवेश बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि खास विदेशी बाजारों को ध्यान में रखकर भरोसेमंद खरीद की व्यवस्था बनाई जाए और ऐसे उत्पाद तैयार किए जाएं जिनकी वहां मांग हो, ताकि भारतीय उत्पाद वैश्विक स्तर पर देश की पहचान बन सकें।

2500 से अधिक प्रतिनिधि और प्रमुख चर्चा के विषय

इस शताब्दी वर्ष सम्मेलन में देश और दुनिया से 2500 से अधिक प्रतिनिधि शामिल हुए। इनमें प्रमुख उद्योगपति, बड़ी कंपनियों के सीईओ, विभिन्न देशों के राजदूत, राजनयिक और नीति-निर्माता मौजूद रहे। यह आयोजन भारतीय कारोबार और नीति-निर्माण के भविष्य की दिशा तय करने के लिहाज से अहम माना जा रहा।