पंजाब के संगरूर में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चंडीगढ़ जा रही पंजाब रोडवेज की पीआरटीसी (PRTC) बस मुख्यमंत्री भगवंत मान के आवास के पास बठिंडा-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। ओवरब्रिज के पास बस अनियंत्रित होकर पुल से टकराई और सड़क किनारे खेतों में पलट गई। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 24 लोग घायल हुए हैं।

सुबह करीब 4:30 बजे हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, बस बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे संगरूर से यात्रियों को लेकर चंडीगढ़ के लिए रवाना हुई थी। मुख्यमंत्री आवास के पास ओवरब्रिज से गुजरते समय चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस पहले फ्लाईओवर को सहारा देने वाले खंभे से टकराई और फिर सड़क से नीचे उतरकर पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस के अगले और पिछले शीशे टूट गए। कई यात्री वाहन के अंदर फंस गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

3 यात्रियों की मौत, 24 घायल

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने भी बचाव कार्य में मदद की। घायलों को एंबुलेंस के जरिए संगरूर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, हादसे में तीन लोगों की जान चली गई। घायलों में से 10 से 15 यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए पटियाला के राजिंदरा अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों का संगरूर में उपचार जारी है। कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जताया दुख

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हादसे में तीन लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने प्रशासन को घायलों का उचित और मुफ्त इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है। पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना के समय मौसम साफ था और इलाके में धुंध भी नहीं थी। शुरुआती जांच और यात्रियों के बयानों के आधार पर बस की तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।