Rahul Gandhi On PM Modi : दिवाली पर देश की सियासत में फिर बड़ा घमासान मच गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के बस्तर में सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दिवाली का पर्व मनाया, जहां उन्होंने देश से नक्सलवाद के खात्मे का बड़ा दावा किया। साथ ही उनके द्वारा दिए गए दिमागी नक्सलियों वाले बयान पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पीएम मोदी को खुली बहस की चुनौती दे डाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के करनपुर स्थित विशेष CoBRA ऑपरेशंस बेस पहुंचे थे। यहां उन्होंने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), कोबरा (CoBRA), सीमा सुरक्षा बल (BSF), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) और अन्य सुरक्षा बलों के वीर जवानों के साथ मिलकर दीवाली मनाई। पीएम ने जवानों के अदम्य साहस, योगदान और बलिदान के लिए उनका आभार जताया।
नक्सलवाद पर बड़ी सफलता
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार की दीवाली बेहद खास है, क्योंकि देश में नक्सलवाद के खिलाफ दशकों से चल रही लंबी लड़ाई में हमें ऐतिहासिक सफलता मिली है। यह देश की पहली ऐसी दीवाली है जब भारत का हर एक जिला पूरी तरह से नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है। पीएम ने गर्व के साथ बताया कि पिछले एक साल में ड्यूटी के दौरान सीआरपीएफ (CRPF) के एक भी जवान की जान नहीं गई है। उन्होंने इसे सुरक्षा बलों के शौर्य, उनके असीम साहस और सरकार की सटीक नीतियों की बहुत बड़ी जीत बताया। सरकारों को आड़े हाथों लेते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि 2004 से 2013 के बीच के कालखंड में हर साल नक्सलियों के मुकाबले हमारे देश के ज्यादा जवान शहीद होते थे। उस समय की सरकारों ने नक्सलवाद को लाइलाज बीमारी मानकर छोड़ दिया था।
'दिमागी नक्सलियों' पर पीएम मोदी का बड़ा बयान
जंगलों से हथियारबंद नक्सलियों का सफाया होने का दावा करने के बावजूद पीएम मोदी ने एक नए खतरे की ओर देश का ध्यान खींचा। उन्होंने कहा कि खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है, क्योंकि जंगलों के बाद अब दिमागी नक्सली देश के लिए एक बड़ा संकट बन चुके हैं। प्रधानमंत्री ने बताया कि कई राजनीतिक दलों और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं में ऐसे दिमागी नक्सली घुसपैठ कर चुके हैं। ये लोग आज भी देश के संविधान और मजबूत लोकतंत्र के खिलाफ आम जनता को गुमराह कर रहे हैं और भड़का रहे हैं। इसलिए देश को सुरक्षित रखने के लिए हमें इन छुपे हुए चेहरों और दिमागी नक्सलियों को समय रहते पहचानना होगा।
पीएम मोदी को दी खुली बहस की चुनौती
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इसी बयान के सामने आते कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया के जरिए उन पर जोरदार हमला बोला। राहुल गांधी ने अपना गुस्सा जाहिर करते हुए सीधे तौर पर पीएम मोदी को बहस के लिए ललकारा है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा-प्रिय सीआरपीएफ के जवानों, आपके चेहरों ने सब कुछ साफ-साफ बता दिया है कि आपको प्रधानमंत्री के झूठे दावों पर बिल्कुल भी भरोसा नहीं है। उन्होंने (पीएम मोदी ने) हम सभी को नक्सली कहा है।
बहस की खुली चुनौती
राहुल गांधी ने अपनी चुनौती को दोहराते हुए कहा कि उनकी यह खुली चुनौती कायम है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनसे किसी भी समय और किसी भी जगह आकर आमने-सामने बहस करें। इस खुली बहस में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा कि देशद्रोही असल में कौन है और कौन विदेशी ताकतों के इशारों पर अपनी चाल चल रहा है। कांग्रेस नेता ने आगे तंज कसते हुए यह तक कह दिया कि उनकी पूरी गारंटी है कि उस बहस के बाद प्रधानमंत्री में देश के किसी भी एक जवान के सामने खड़े होने की हिम्मत तक नहीं बचेगी। इस तरह छत्तीसगढ़ के जंगलों से शुरू हुई दीवाली की यह खुशियां अब देश की राष्ट्रीय राजनीति में हाई-वोल्टेज सियासी और वैचारिक जंग का रूप ले चुकी हैं।