रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' सिनेमाघरों में जमकर कमाई कर रही है। पहले दिन से ही फिल्म को देखने के लिए थिएटर्स के बाहर लाइनें लगी हुई हैं और अब दूसरे हफ्ते में भी 'रामायण' का क्रेज बरकरार है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि फिल्म ने महज 9 दिनों में भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 600 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। दुनियाभर में भी फिल्म ने 1000 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। ऐसे में अब सभी की निगाहें फिल्म 'रामायण' के दसवें दिन के कलेक्शन पर हैं। वीकेंड होने की वजह से ऐसी उम्मीदें हैं कि फिल्म की कमाई में फिर उछाल देखने को मिल सकता है।

फिल्म ने किया कितना कारोबार?

'रामायण' ने दूसरे शुक्रवार यानी रिलीज के नौवें दिन भी बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बना रखी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने शुक्रवार को सभी भाषाओं में करीब 47.85 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। ये बात अलग है कि आठवें दिन के मुकाबले फिल्म की कमाई में थोड़ी गिरावट देखने को मिली है। गुरुवार को फिल्म ने करीब 53.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था, लेकिन दूसरे शुक्रवार को भी लगभग 48 करोड़ रुपये का कारोबार करना इस बात का हिंट है कि लोगों के बीच फिल्म की एक्साइटमेंट अभी भी बनी हुई है। अब इन नौ दिनों की कमाई को मिलाकर फिल्म का घरेलू नेट कलेक्शन करीब 612.45 करोड़ रुपये पहुंच गया है। इससे साबित होता है कि फिल्म ने रिलीज के दूसरे हफ्ते की शुरुआत में ही बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। 

हिंदी भाषा में ज्यादा पसंद की गई 'रामायण'

आपको बता दें, फिल्म 'रामायण' को हिंदी के साथ तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में भी रिलीज किया गया है। सबसे ज्यादा इसे हिंदी भाषा में ही देखा जा रहा है। नौवें दिन के भाषा के हिसाब से कलेक्शन की बात करें तो हिंदी ने सबसे ज्यादा कमाई हुई है।

हिंदी- 36.25 करोड़ रुपये

मलयालम- 3.25 करोड़ रुपये

कन्नड़- 3 करोड़ रुपये

तमिल- 2.75 करोड़ रुपये

तेलुगु- 2.60 करोड़ रुपये

इन आंकड़ों से साफ है कि फिल्म को देश के अलग-अलग हिस्सों में पसंद किया जा रहा है। खासकर हिंदी दर्शकों से रणबीर कपूर की फिल्म को अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। 

'रामायण' ने तोड़ा 'पठान' का रिकॉर्ड 

भारत के साथ-साथ विदेशों में भी 'रामायण' अच्छा प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के नौ दिनों बाद फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 1,110.70 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इसी के साथ 'रामायण' ने शाहरुख खान की 'पठान' के 1,050.30 करोड़ रुपये के वर्ल्डवाइड कलेक्शन को पछाड़ दिया है। अब इसकी अगली नजर शाहरुख की ही फिल्म 'जवान' के 1,148.32 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड पर है। अगर फिल्म की कमाई इसी तरह जारी रही, तो आने वाले दिनों में कई और रिकार्ड्स टूट सकते हैं ।