बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर इस बार अपनी नेटवर्थ को लेकर चर्चा में आ गए हैं। इंटरनेट पर उनकी और किरण खेर की संपत्ति 400 से 500 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इन दावों पर अब अनुपम खेर का रिएक्शन सामने आया है। एक्टर ने इन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया। साथ ही उन्होंने ये तक कह दिया कि कभी-कभी उनका मन करता है कि वो गूगल पर केस कर दें। एक्टर ने ये सब एक इंटरव्यू में कहा है। इस दौरान उन्होंने अपनी फाइनेंसियल कंडीशन और लाइफस्टाइल पर खुलकर बात की। 

नेटवर्थ पर अनुपम खेर का खुलासा 

अनुपम खेर के मुताबिक, ऑनलाइन उनकी नेटवर्थ को लेकर जो दावे किए जा रहे हैं, वो रियलिटी से काफी दूर हैं। उन्होंने कहा कि उनकी नेटवर्थ 400-500 करोड़ रुपये बताई जा रही, लेकिन इस संपत्ति का 10 फीसदी हिस्सा भी उनके पास नहीं है। अनुपम ने कहा कि जब उनके दोस्त इंटरनेट पर उनकी इतनी बड़ी नेटवर्थ देखते हैं, तो वो भी उनसे इस रकम से कुछ हिस्सा मांगने लगते हैं। 

अपना घर बेच किराए पर क्यों रहते हैं अनुपम खेर?

करोड़ों की कमाई करने वाले अनुपम खेर के बारे में ये बात जानकर आपको हैरानी होगी कि वो खुद के घर के बजाय किराए के अपार्टमेंट में रहना पसंद करते हैं। अनुपम खेर ने खुलासा किया कि करीब 10 साल पहले उन्होंने आप घर छोड़ किराए के घर में रहने का फैसला लिया था। इसके बारे में बात करते हुए उन्होंने बताया कि खुद की प्रॉपर्टी होने पर कई जिम्मेदारियां और तनाव होते हैं। किराए के घर में रहने से ये परेशानियों दूर रहती हैं और वो खुद को ज्यादा आजाद महसूस करते हैं। अनुपम खेर ने रिवील किया कि उन्होंने अपनी मां के लिए शिमला में एक घर खरीदा है, लेकिन वो और उनके भाई आज भी किराए के अपार्टमेंट में रहते हैं और खुश हैं।

आलिया भट्ट को बेचा घर

अनुपम खेर ने अपने पुराने घर से जुड़ा एक किस्सा भी सुनाया है। उन्होंने बताया कि मुंबई में उनका एक घर था, जिसे उन्होंने आलिया भट्ट को बेच दिया था। दरअसल, जब उनकी पत्नी किरण खेर सांसद बनीं तो वो चंडीगढ़ में रहने लगी थीं। इसके बाद अनुपम मुंबई में अपने लिए एक नया घर तलाश रहे थे। इसी दौरान उन्हें एहसास हुआ कि खुद की प्रॉपर्टी खरीदने की जगह किराए के घर में रहना बेहतर हो सकता है। यही वजह है कि उन्होंने किराए के अपार्टमेंट में रहना शुरू कर दिया।