पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ का जल्द ही अहमदाबाद कॉन्सर्ट होने वाला है। 21 नवंबर को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले इस शो से पहले एक बड़ी जानकारी सामने आ रही है। सिंगर को कॉन्सर्ट से पहले एक खास चेतावनी दी गई है। आपको बता दें, दिलजीत दोसांझ के चार गानों को लेकर विवाद चल रहा है। ऐसे में चंडीगढ़ के एक प्रोफेसर डॉ. पंडित राव धरेनावर ने दिलजीत दोसांझ से इन 4 गानों को कॉन्सर्ट में परफॉर्म न करने की अपील की है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर दिलजीत दोसांझ इन गानों को सगतागे पर गाते हैं, तो वो इसके खिलाफ गुजरात हाईकोर्ट का रुख करेंगे। इनमें 'पटियाला पैग', 'पंज तारा', 'जे बिच्छो फीम लब्बिया' और 'जट्ट उठे फायर करदा' जैसे गाने शामिल हैं।
क्या है कॉन्सर्ट को लेकर विवाद?
उन्होंने आपत्ति जताते हुए कहा है कि इन गानों में शराब, नशे और गन कल्चर का संदर्भ है। ऐसे गाने बड़े मंच पर हजारों लोगों के सामने गाने से बच्चों पर गलत असर पड़ सकता है। प्रोफेसर ने ये भी आरोप लगाया कि दिलजीत ने इंदौर और दिल्ली कंसर्ट्स में इन गानों को गाया था। आपको बता दें, डॉ. पंडित राव धरेनावर चंडीगढ़ के पीजीजीसी-46 कॉलेज में समाजशास्त्र के एसोसिएट प्रोफेसर हैं। उन्होंने ही दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से पहले गानों के जरिए शराब, नशीले पदार्थों और हथियारों की संस्कृति को बढ़ावा न देने की मांग की है।
दिलजीत को क्या मिली धमकी?
उन्होंने साफ कहा है कि अगर इन गानों को दिलजीत ने अपने शो में शामिल किया गया तो वो इसे अदालत के पुराने निर्देशों की अवहेलना मानते हुए कानूनी कार्रवाई करेंगे। वहीं, गानों को लेकर चल रहे विवाद के बीच अहमदाबाद पुलिस ने कॉन्सर्ट की सुरक्षा में कुछ ठोस कदम उठाए हैं। कॉन्सर्ट के दौरान सुरक्षा में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। यहां बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कॉन्सर्ट में करीब 85 हजार लोग शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा सपोर्ट स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों को मिलाकर स्टेडियम में 90 हजार से ज्यादा लोगों के होने की उम्मीद है।
सुरक्षा को लेकर क्या हैं इंतजाम?
भीड़ को कंट्रोल करने और बाकी समस्याओं से निपटने के लिए यहां करीब 2,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। यहां SRP की तीन कंपनियां तैनात रहेंगी। बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड और क्विक रिस्पॉन्स टीम अलर्ट पर होंगी। क्राइम ब्रांच और SOG के जवान सुरक्षा का मोर्चा संभालेंगे। पूरे स्टेडियम में करीब 600 CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। एंट्री और एग्जिट का जिम्मा संभालने के लिए करीब 1,500 पर्सनल सिक्योरिटी गार्ड मौजूद रहेंगे। सुरक्षा जांच के लिए डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर भी लगाए गए हैं।