उत्तराखंड में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रियों से भरी एक बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हैं। यह दुर्घटना टिहरी जिले में मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुलार बाजार के पास हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बस हरिद्वार से बदरीनाथ की ओर जा रही थी। इसमें लगभग 30 से 35 यात्री सवार थे। मंगलवार सुबह बस पुल से नीचे गदेरे में गिर गई।
खाई से निकाले गए करीब 20 घायल यात्री
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। ब्यासी और ढालवाला पोस्ट से पहुंची एसडीआरएफ टीमों ने बचाव अभियान शुरू किया। अब तक करीब 20 घायलों को खाई से बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की अतिरिक्त टीमों को भी मौके पर रवाना किया गया। बचाव दल बस में सवार अन्य यात्रियों की तलाश और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने में जुटे हैं।
हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा
बस पुल से इतनी गहराई में कैसे गिरी, फिलहाल इसकी आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी है। हादसे में छह लोगों की मौत की सूचना है, जबकि घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। प्रशासन की ओर से यात्रियों की पहचान और दुर्घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।