Rohit Pawar On Ajit Pawar Plane Crash : महाराष्ट्र के पूर्व उप मुख्यमंत्री अजीत पवार की विमान हादसे में हुई मौत को लेकर सियासी पारा फिर चढ़ गया है। एनसीपी (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर बेहद संगीन आरोप लगाए हैं। मुंबई के यशवंतराव चव्हाण सेंटर में सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रोहित पवार ने मफलर मैन का राज खोलते हुए दावा किया कि यह शख्स कोई और नहीं, बल्कि खुद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस हैं।
विमान कंपनी को बचाने का लगाया आरोप
रोहित पवार ने बताया कि मफलर मैन का सीधा संबंध इस दुर्घटना से भले ही न हो, लेकिन मुख्यमंत्री फडणवीस उस विमानन कंपनी वीएसआर एविएशन के मालिक वीके सिंह और सह-संचालक रोहित सिंह को बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं, जिसका विमान हादसे का शिकार हुआ था। अपने दावे को पुख्ता करने के लिए रोहित पवार ने एक शादी समारोह की तस्वीर भी मीडिया के सामने रखी, जिसमें मुख्यमंत्री फडणवीस और रोहित सिंह एक साथ नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि फडणवीस जयपुर में आयोजित वीके सिंह के एक कार्यक्रम में भी शामिल हुए थे।
केंद्रीय मंत्री पर भी उठाए सवाल, बीजेपी का पलटवार
इस मामले में साजिश की आशंका जताते हुए रोहित पवार ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू को भी घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय मंत्री के भी वीएसआर कंपनी के साथ नजदीकी रिश्ते हैं, जिसके चलते कंपनी पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पा रही है। रोहित ने सवाल किया कि मुख्यमंत्री के पास सीआईडी (CID) है, केंद्र की सीबीआई (CBI) और प्रधानमंत्री भी उनकी बात सुनते हैं, फिर भी अब तक कोई निष्पक्ष जांच क्यों नहीं हुई? दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए पलटवार किया है और कहा है कि महज किसी तस्वीर के आधार पर इतने गंभीर आरोप लगाना पूरी तरह गलत है।
काला जादू, 18 करोड़ का घर और यात्रा बदलने का दावा
संदिग्ध लेन-देन : रोहित के अनुसार अजीत पवार के निधन के महज दो दिन बाद वीएसआर कंपनी के मालिक के बेटे रोहित सिंह ने अमेरिका में 18 करोड़ का आलीशान घर खरीदा। जिस व्यक्ति से यह घर खरीदा गया, वह ड्रग तस्करी के मामलों में लिप्त है, जिससे कंपनी के सभी वित्तीय लेनदेन संदेह के घेरे में आ जाते हैं।
कार यात्रा रद्द होने का रहस्य : विधायक ने बताया कि अजीत पवार पहले सड़क मार्ग से कार द्वारा बारामती जाने वाले थे। लेकिन ऐन वक्त पर उनकी पार्टी के दो नेताओं-सुनील तटकरे और प्रफुल्ल पटेल ने फोन कर मिलने की बात कही। एक अन्य व्यक्ति ने फाइल पर हस्ताक्षर कराने के नाम पर उन्हें रोक लिया, जिससे देरी हुई और मजबूरन उन्हें विमान से सफर करना पड़ा।
काला जादू और पुलिस का रवैया : रोहित ने दावा किया कि अजीत पवार के आवास के बाहर काला जादू किया गया था, जिसमें कोंकण क्षेत्र का एक नेता शामिल था। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वे बारामती पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराने गए तो पहले पुलिस तैयार थी, लेकिन एक कॉल आने के बाद पुलिस ने केस दर्ज करने से इनकार कर दिया। डीजीसीए (DGCA) को सबूत सौंपने और सत्ताधारी दल के विधायकों द्वारा सीबीआई जांच की मांग करने के बावजूद कोई कदम नहीं उठाया गया है।
रोहित की सरकार को चेतावनी और फडणवीस की शाह से अपील
सरकार को सीधी चेतावनी देते हुए रोहित पवार ने कहा कि भले ही आज वीके सिंह और उनकी कंपनी को संरक्षण दिया जा रहा हो, लेकिन भविष्य में जब उनकी सरकार आएगी तो किसी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि वे अपने चाचा को न्याय नहीं दिला पाए तो आम गरीब जनता को कैसे इंसाफ दिलाएंगे, भले इसके लिए उनका राजनीतिक करियर दांव पर क्यों न लग जाए। दूसरी तरफ पुणे में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस विमान हादसे की जांच में तेजी लाने का आग्रह किया। फडणवीस ने कहा कि जांच की रिपोर्ट जल्द जनता के सामने लाई जानी चाहिए ताकि लोगों के मन में उठ रही सभी शंकाएं दूर हो सकें। इस कार्यक्रम में अमित शाह ने दिवंगत नेता अजीत पवार की प्रतिमा का अनावरण किया और जिला परिषद कार्यालय के मुख्य द्वार का नाम भी अजीत पवार के नाम पर रखा गया। गौरतलब है कि 28 जनवरी को मुंबई से बारामती जा रहा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजीत पवार समेत पांच लोगों की जान चली गई थी। फिलहाल इस पूरे मामले की जांच महाराष्ट्र सीआईडी और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधीन काम करने वाले विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) द्वारा अलग-अलग की जा रही।