फिल्म इंडस्ट्री से एक बड़ा ही हैरान कर देने वाला किस्सा सामने आया है। श्रुति हासन ने अपने साथ हुए एक ऐसे अनुभव के बारे में बताया जो बेहद डरावना है। श्रुति हासन से जुड़े इस किस्से को जनकर आपके भी रोंगटे खड़े हो सकते हैं। श्रुति ने बताया कि उनके मुंबई वाले घर में उन्हें कुछ अजीब महसूस होता था। यहां तक कि घर में रखा हुआ एक पुतला उन्हें अपनी जगह और पोजिशन बदलता हुआ नजर आता था। ये सब देखकर श्रुति इतनी परेशान हो गई थीं कि उन्होंने पुतला ही तोड़ दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने अपने घर में शांति बनाए रखने के लिए कुछ उपाय भी किए थे।
श्रुति हासन ने सुनाया घर का डरावना किस्सा
आपको बता दें, श्रुति हासन हाल ही में नेहा धूपिया और अंगद बेदी की यूट्यूब सीरीज 'डबल डेट' में पहुंची थीं। इस दौरान श्रुति हासन ने बताया कि उन्हें किसी जगह के माहौल और वहां की ऊर्जा का कई बार एहसास हो जाता है। उन्होंने अपने चेन्नई और मुंबई के घरों की बात करते हुए बताया कि चेन्नई वाले घर में उन्हें हमेशा सुकून और नॉर्मल महसूस हुआ। लेकिन मुंबई के घर में उन्हें कुछ ठीक नहीं लगता था। श्रुति को काफी समय से ऐसा महसूस हो रहा था कि उनके मुंबई वाले घर में कुछ अजीब चल रहा है। श्रुति ने बताया कि उनके मुंबई वाले घर में एक लाइफ साइज मैनिक्विन था, जिसका नाम उन्होंने फियोना रखा था।
घर में जगह बदलता था मैनिक्विन
श्रुति ने बताया कि उनके पास एक कॉस्ट्यूम था, जिसे रखने के लिए अलमारी में जगह नहीं थी। ऐसे में उन्होंने वो ड्रेस मैनिक्विन को पहना दी। धीरे-धीरे ये मैनिक्विन उनके घर का हिस्सा बन गया था। जब भी उनके दोस्त घर आते थे, तो वो मजाक में फियोना को हाय कहते थे। शुरुआत में सब कुछ ठीक था, लेकिन बाद में श्रुति को कई बार फियोना की पोजिशन बदली हुई नजर आई। वो जब भी पुतले को देखती थीं तो उन्हें लगता था कि उसकी जगह या खड़े होने का अंदाज बदल गया है। ये देखकर वो यही सोचती रहती थीं कि आखिर इसे कौन हिला रहा है? श्रुति ने इसकी तुलना हॉलीवुड फिल्म 'आई एम लेजेंड' से की है।
एक्ट्रेस ने तोड़ दिया पुतला
जब श्रुति के लिए ये सब चीजें नजरअंदाज करना मुश्किल हो गया तो उन्होंने फियोना को घर से हटाने का फैसला किया। उन्होंने मैनिक्विन को खोलकर उसके हिस्से अलग कर दिए। इसके साथ ही उन्होंने घर में हनुमान चालीसा चलाई और अपने हाथ में नमक लेकर कुछ धार्मिक क्रियाएं कीं। इससे उनका पूरा घर सील हो गया था। इस उपाय के बाद श्रुति हासन को अपने घर का माहौल शांत लगने लगा और उन्हें पहले जैसी परेशानी महसूस नहीं हुई।