Sonia Gandhi News : कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी बहुचर्चित किताब बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव में ऐसा बड़ा खुलासा किया है, जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। उन्होंने अपनी किताब में बताया है कि साल 2004 के आम चुनावों में कांग्रेस की जीत के बाद आखिर उन्होंने प्रधानमंत्री बनने से क्यों इनकार कर दिया था। इस फैसले के पीछे क्या अंदरूनी कारण थे, इसका उन्होंने पहली बार खुलकर जिक्र किया है।

खुद के प्रति ईमानदार रहने का लिया था फैसला

सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि उनके मन से संदेह का आखिरी अंश भी अचानक पूरी तरह से दूर हो गया था। उन्हें उस वक्त ऐसा महसूस हुआ, जैसे वह खुद से कह रही हों, सोनिया, अपने प्रति हमेशा ईमानदार रहो। तुम इस बात को पहले से जानती रही हो, बस अब इसे जाने दो।

बच्चों के साथ हुई थी तीखी चर्चा

द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक सोनिया गांधी ने साझा किया कि चुनाव से कुछ महीने पहले उन्होंने और उनके दोनों बच्चों ने इस बात पर गहन चर्चा की थी कि क्या उन्हें प्रधानमंत्री पद संभालना चाहिए। उनके एक बच्चे ने उनसे सीधा सवाल किया कि चुनाव में उनकी पार्टी जीत हासिल करती है तो क्या वह इस पद को स्वीकार करेंगी? इस पर सोनिया गांधी ने नाराजगी जताते हुए कहा था, बिल्कुल नहीं। जब बच्चों ने दोबारा पूछा, क्या आप इस बात को लेकर बिल्कुल पक्का कह रहीं तो उन्होंने कहा, मैं मामले में पूरी तरह स्पष्ट हूं।

बच्चों के मन में था गहरा डर और सदमा

सोनिया गांधी ने किताब में यह भी बताया कि उनके बच्चे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी में से किसी की भी यह इच्छा नहीं थी कि उनकी मां प्रधानमंत्री बनें। इसके पीछे बहुत बड़ा भावनात्मक कारण था। राहुल और प्रियंका ने अपनी दादी (इंदिरा गांधी) की हत्या और अपने पिता (राजीव गांधी) की बेरहमी से की गई हत्या का गहरा सदमा झेला था। उनके बच्चों के मन में प्रधानमंत्री पद का मतलब सीधे तौर पर अत्यधिक खतरे और असुरक्षा से जुड़ा था। सोनिया गांधी ने बताया कि जब उन्होंने प्रधानमंत्री न बनने का अपना फैसला सुनाया तो बच्चों को बहुत बड़ी राहत महसूस हुई। सोनिया गांधी ने भी खुद को बहुत हल्का महसूस किया, क्योंकि उन्होंने पहली बार इस संवेदनशील सवाल पर खुलकर अपनी राय रखी थी और बात वहीं समाप्त हो गई थी।

करीबी सहयोगियों से भी छुपा कर रखी थी यह बात

सोनिया गांधी ने खुलासा किया कि उन्होंने अपने इस निजी फैसले के बारे में कभी किसी से बातचीत नहीं की थी। पूरे चुनावी प्रचार के दौरान जब भी मीडिया या सार्वजनिक मंचों पर उनसे प्रधानमंत्री बनने को लेकर सवाल पूछे गए तो उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब देने से परहेज किया था। उस वक्त पार्टी अपने अस्तित्व की एक बड़ी लड़ाई लड़ रही थी और सोनिया गांधी की प्राथमिकता कांग्रेस पार्टी को पूरी तरह एकजुट रखना था, ताकि एक मजबूत टीम बनकर राजनीतिक दुश्मनों का डटकर मुकाबला किया जा सके। उन्होंने अपनी इस निजी राय और मन की बात को अपने तक ही सीमित रखा था। हैरानी की बात है कि उन्होंने अपने सबसे करीबी राजनीतिक सहयोगियों को भी इसकी भनक तक नहीं लगने दी थी।

प्रधानमंत्री पद के लिए क्या थी सोनिया की सोच?

सोनिया गांधी का अंदर से यह स्पष्ट एहसास था कि जो भी व्यक्ति पिछली कांग्रेस सरकारों की महान विरासत को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी संभालेगा, उसके पास देश की सरकार चलाने का लंबा और पुख्ता अनुभव होना चाहिए। उसका ईमानदारी का रिकॉर्ड भी पूरी तरह बेदाग होना चाहिए। इसी सोच के चलते उन्होंने प्रधानमंत्री की कुर्सी से दूर रहने का ऐतिहासिक फैसला किया था।