थाईलैंड के मशहूर पर्यटन द्वीप फुकेत में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हुए हैं। आग एक व्यावसायिक इमारत में स्थित वाहन किराये पर देने वाले संस्थापन से शुरू हुई और देखते ही देखते आसपास की इमारतों तक फैल गई। दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में करीब दो घंटे लग गए। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
तड़के 3:17 बजे लगी आग
अधिकारियों का कहना है कि आग सोमवार सुबह करीब 3:17 बजे फुकेत के पटोंग इलाके में लगी थी। शुरुआत एक ऐसी व्यावसायिक इमारत से हुई, जहां वाहन किराये पर देने का कारोबार होता था। कुछ ही देर में आग ने आसपास की कई इमारतों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की जानकारी मिलते ही दमकल और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। आग की तीव्रता और इमारतों में फैले धुएं के कारण बचाव अभियान में काफी मुश्किलें आईं। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग से 11 लोगों की मौत
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया, हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई और 16 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 15 थाई नागरिक और एक म्यांमार का नागरिक शामिल है। सभी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों ने साफ किया है कि मृतकों और घायलों में कोई पर्यटक शामिल नहीं है। राहतकर्मियों ने इमारतों में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए अभियान चलाया। जानकारी के मुताबिक, कई लोगों की मौत धुएं के कारण दम घुटने से हुई।
आग की वजह पता लगाने में जुटी पुलिस
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, बिजली के शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है, लेकिन अधिकारियों ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रभावित परिसर में बड़ी संख्या में मोटरसाइकिलें खड़ी थीं। पेट्रोल, टायर और प्लास्टिक जैसे जलने वाले सामान मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका जताई जा रही है। बता दें, फुकेत का पटोंग इलाका अपने समुद्र तट और पर्यटन गतिविधियों के लिए जाना जाता है। हादसे वाली इमारत इसी क्षेत्र के पास स्थित है। घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आग के कारणों और नुकसान का पूरा आकलन जांच के बाद ही सामने आएगा।