अमेरिका में न्यू जर्सी से न्यू ऑरलियन्स जा रही यूनाइटेड एयरलाइंस की एक फ्लाइट में बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। विमान में सवार 34 वर्षीय यात्री ने कथित तौर पर अपने पास बम होने की बात कही और कॉकपिट में घुसने की कोशिश की। हालात को देखते हुए पायलटों ने कॉकपिट का दरवाजा अंदर से लॉक कर लिया और एयर ट्रैफिक कंट्रोल को अलर्ट भेजा। विमान सुरक्षित लैंड हुआ और आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।
विमान में 46 यात्री और चालक दल के छह सदस्य थे सवार
यह घटना सोमवार रात हुई। बोइंग 737 मैक्स 9 विमान ने न्यू जर्सी के नेवार्क लिबर्टी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। विमान में 46 यात्री और चालक दल के छह सदस्य मौजूद थे। उड़ान के दौरान एक यात्री का व्यवहार असामान्य हो गया। उसने कथित तौर पर क्रू मेंबर्स से कहा कि उसके बैग में बम है। इसके बाद यात्री ने कॉकपिट की ओर बढ़ने और वहां जबरन प्रवेश करने की कोशिश की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलटों ने कॉकपिट का दरवाजा बंद कर दिया और एयर ट्रैफिक कंट्रोल को घटना की जानकारी दी।
न्यू ऑरलियन्स में सुरक्षित उतारा गया विमान
विमान के चालक दल ने आरोपी को पीछे की ओर जाने के लिए मनाया। इसके बाद विमान ने लुइस आर्मस्ट्रांग न्यू ऑरलियन्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। वहां पहले से मौजूद कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जेफरसन पैरिश शेरिफ कार्यालय के मुताबिक, 34 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद जेफरसन पैरिश करेक्शनल सेंटर भेजा गया। उस पर आगजनी की योजना और आतंक फैलाने से जुड़ी झूठी जानकारी देने के आरोप लगाए गए हैं।
जांच में नहीं मिला कोई विस्फोटक
अधिकारियों के अनुसार, विमान में बम होने की धमकी के बावजूद कोई विस्फोटक बरामद नहीं हुआ। अमेरिकी संघीय विमानन प्रशासन (FAA) ने भी मामले की जांच करने की बात कही है। यूनाइटेड एयरलाइंस ने बताया कि विमान में एक यात्री के हंगामा करने के बाद फ्लाइट सुरक्षित उतारी गई और एयरपोर्ट पर कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने कार्रवाई की। इस घटना में किसी यात्री या चालक दल के सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है।