अमेरिका में हवाई यातायात का संकट लगातार गहराता जा रहा है। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के संचार नेटवर्क में आई तकनीकी खराबी के बाद उड़ानों का शेड्यूल बुरी तरह प्रभावित हुआ है। शुक्रवार को देशभर में करीब पांच घंटे तक उड़ानों पर रोक लगाने के बाद शनिवार और रविवार को भी यात्रियों की परेशानी कम नहीं हुई। दो दिनों में हजारों उड़ानें रद्द हुईं, जबकि बड़ी संख्या में विमानों को देरी से रवाना करना पड़ा। इस अव्यवस्था के चलते 15 लाख से अधिक यात्री प्रभावित हुए।

रविवार को भी हजारों उड़ानें रद्द और लेट

रॉयटर्स के मुताबिक, शनिवार को अमेरिका में करीब 6,700 उड़ानें रद्द हुईं और 9,100 से ज्यादा विमानों को देरी का सामना करना पड़ा। रविवार को भी स्थिति सामान्य नहीं हुई। फ्लाइटअवेयर के आंकड़ों के अनुसार, इस दिन करीब 2,100 उड़ानें रद्द हुईं और 9,400 से अधिक उड़ानें विलंबित रहीं। इस तरह रविवार तक लगातार तीन दिनों में उड़ानों का संचालन प्रभावित रहा। अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने उम्मीद जताई कि सोमवार तक हवाई यातायात काफी हद तक सामान्य हो सकता है। एयरलाइंस रद्द उड़ानों के यात्रियों को दूसरी फ्लाइट में जगह देने और विमानों व क्रू को दोबारा व्यवस्थित करने में जुटी हैं।

राउटर की खराबी से बिगड़ा एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम

अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के मुताबिक, 13 नवंबर को तकनीकी समस्या के कारण देशभर में ग्राउंड स्टॉप लागू करना पड़ा था। इस दौरान लगभग पांच घंटे तक अधिकतर घरेलू उड़ानों को उड़ान भरने से रोक दिया गया। समस्या एयर ट्रैफिक कंट्रोल के संचार और रडार सिस्टम में अस्थिरता आने से पैदा हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि FAA के नेटवर्क सर्विस प्रोवाइडर L3Harris की ओर से अर्कांसस के एल डोराडो स्थित संचार केंद्र में नया राउटर लगाने का काम किया जा रहा था। इसके बाद टेक्सास के अमरिलो स्थित एक अन्य केंद्र से अत्यधिक डेटा प्रसारित होने लगा। इससे नेटवर्क पर दबाव बढ़ा और संचार व्यवस्था प्रभावित हो गई। FAA के अनुसार, हर चार से पांच सेकंड में एक हजार से अधिक कनेक्शन की कोशिशें हो रही थीं। इसका असर देश के 22 में से 17 एयर रूट ट्रैफिक कंट्रोल सेंटरों तक पहुंचा। एहतियात के तौर पर संबंधित राउटर की कुछ सुविधाएं बंद की गईं और करीब 60 अन्य समान राउटरों में भी जरूरी बदलाव किए गए।

15 लाख से ज्यादा यात्री हुए प्रभावित

उड़ानों के अचानक रुकने और बाद में शेड्यूल बिगड़ने से लाखों यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। कई लोग एयरपोर्ट पर फंस गए, जबकि कुछ यात्रियों को अपनी यात्रा आगे बढ़ानी पड़ी। जिन उड़ानों को रद्द किया गया, उनके यात्रियों को दूसरी फ्लाइट में जगह मिलने में भी समय लगा।डेल्टा, यूनाइटेड और अमेरिकन एयरलाइंस सहित कई बड़ी कंपनियों ने यात्रियों को बिना अतिरिक्त शुल्क के बाद की तारीखों में टिकट रीबुक करने की सुविधा दी। जेटब्लू समेत कुछ एयरलाइंस पर भी रद्द उड़ानों का खासा असर पड़ा।

पुराने सिस्टम और कंट्रोलरों की कमी ने बढ़ाई मुश्किल

अमेरिका की एयर ट्रैफिक कंट्रोल व्यवस्था पहले से ही पुरानी तकनीक और कर्मचारियों की कमी जैसी चुनौतियों से जूझ रही है। ऐसे में संचार नेटवर्क की खराबी ने संकट को और बढ़ा दिया। अधिकारियों ने माना है कि सिस्टम को आधुनिक बनाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए बड़े स्तर पर निवेश की जरूरत है। अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम के आधुनिकीकरण के लिए 50 अरब डॉलर की मांग की है। वहीं, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कांग्रेस से इस दिशा में फंडिंग को मंजूरी देने की अपील की है।

साइबर अटैक का सबूत नहीं, जांच जारी

अमेरिकी अधिकारियों ने कहा है कि अब तक इस घटना के पीछे किसी साइबर हमले या जानबूझकर की गई तोड़फोड़ का सबूत नहीं मिला है। तकनीकी खराबी की असली वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है। FAA ने भरोसा दिलाया है कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सिस्टम की स्थिरता सुनिश्चित करने के बाद ही उड़ानों का संचालन दोबारा शुरू किया गया।