India and China News : अमेरिका की एक ताजा रिपोर्ट में चौंकाने वाली बात सामने आई है। इसके अनुसार भारत को संतुलित या उसका मुकाबला करने के लिए पाकिस्तान को चीन का साथ मिल रहा है। दूसरी तरफ भारत और चीन के बीच आपसी अविश्वास अभी भी गहरा बना हुआ है। पाकिस्तान के साथ चीन की नजदीकियां और बढ़ती सैन्य साझेदारी भारत के लिए दो मोर्चों पर लड़ाई यानी टू-फ्रंट वॉर जैसी स्थिति पैदा कर रही है, जो सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय है।

ऑपरेशन सिंदूर और संकट में चीन की भूमिका

मई 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के समय हुए भारत-पाकिस्तान टकराव ने यह साफ कर दिया कि चीन बिना सीधे मैदान में उतरे भी मुश्किल वक्त में पाकिस्तान की मदद कर सकता है। इस घटनाक्रम ने भारत की उस चिंता को और गहरा किया है कि आगे चलकर अगर पाकिस्तान के साथ कोई टकराव होता है तो चीन पर्दे के पीछे से मदद का हाथ बढ़ा सकता है।

भारत की ताकत और चीन का दबाव

अमेरिकी आकलन के मुताबिक दुनिया के उन गिने-चुने देशों में भारत शामिल है जिनके पास बड़ी आबादी के साथ-साथ मजबूत आर्थिक, सैन्य और भौगोलिक ताकत मौजूद है। भारत की यही क्षमता चीन के प्रभाव और वर्चस्व को चुनौती दे सकती है। रिपोर्ट बताती है कि चीन भारत के विकास को अपने लिए एक चुनौती मानता है और इसे रोकने के लिए वह सैन्य, आर्थिक, समुद्री समेत कई तरह के दबाव बनाने की रणनीति अपना रहा है।

सीमा विवाद और गलवान के बाद बदली नीति

भारत की चीन से प्रतिस्पर्धा के पीछे उसके अपने राष्ट्रीय हित जुड़े हैं। हालांकि, दोनों देशों के बीच तनाव की सबसे बड़ी जड़ सीमा विवाद ही रहा है। वर्ष 2020 में गलवान घाटी में हुई झड़पों ने पूरे समीकरण को बदल दिया। उस घटना के बाद भारत ने यह स्पष्ट रुख अपनाया कि वह सीमा विवाद को चीन के साथ अन्य रिश्तों से अलग करके नहीं देख सकता।

सीमा विवाद सुलझाने की पहल और अविश्वास

गलवान की घटना के करीब चार साल बाद यानी 2024 के आखिर से भारत और चीन ने रिश्तों को धीरे-धीरे सामान्य करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। इसके बावजूद दोनों देशों के बीच शक और अविश्वास की दीवार पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। भारत का साफ मानना है कि रिश्तों में बड़े स्तर पर सुधार तभी संभव है, जब सीमा पर शांति और स्थिरता कायम हो। इसी लक्ष्य के साथ दोनों पक्षों के बीच कई दौर की बातचीत हुई है और सीमा मसले का हल निकालने के लिए शांति बहाल करने के लगातार प्रयास किए गए हैं।