Sam Pitrida On Sonia Gandhi Book : कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा बिलॉन्गिंग द जर्नी ऑफ लव राजनीतिक गलियारों में चर्चा का केंद्र बनी है। इस किताब के प्रकाशन के बाद उठे विवादों पर अब इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने अपनी बात रखी है। एक निजी न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में सैम पित्रोदा ने किताब में आपातकाल के जिक्र से लेकर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और राजनेताओं के लगातार मंदिर जाने की परंपरा पर तीखे और स्पष्ट बयान दिए हैं।
सोनिया गांधी की किताब और विवाद पर क्या बोले पित्रोदा?
सैम पित्रोदा ने कहा कि सोनिया गांधी ने अपनी इस किताब में वही बातें लिखी हैं, जिन्हें उन्होंने खुद सच माना है। इस किताब को लेकर अनावश्यक रूप से किसी तरह का विवाद पैदा करने की आवश्यकता नहीं है। पित्रोदा ने बताया कि 10 साल पहले उन्होंने भी एक किताब लिखी थी, जिससे वे अच्छी तरह जानते हैं कि ऐसी किताब लिखना कोई सरल काम नहीं होता है। उन्होंने कहा कि जब आप कोई किताब लिखते हैं तो लोग उस पर सवाल जरूर उठाते हैं। लोग यह आपत्ति जताते हैं कि आपने किन बातों को शामिल नहीं किया या किस विषय पर क्या लिखा। आप चाहकर भी हर किसी को पूरी तरह से खुश नहीं कर सकते। हर एक छोटी-बड़ी बात को एक किताब में समाहित करना मुमकिन नहीं होता। यह पूरी तरह से आपकी अपनी किताब है, इसलिए आपको जो सच लगा, आपने उसे बेबाक तरीके से लिख दिया।
जिस कोई बात पसंद नहीं आ रही, वो अपनी किताब लिख सकते हैं: सैम
सैम पित्रोदा से यह सवाल पूछा गया कि किताब में देश के आपातकाल के लिए संजय गांधी को जिम्मेदार ठहराया गया है और इस मुद्दे पर भाजपा सोनिया गांधी पर हमलावर रुख अपनाए हुए है तो उन्होंने इसका जवाब देते हुए कहा कि सोनिया गांधी को वैसा महसूस हुआ तो उन्होंने उसे अपनी किताब में जगह दी। किसी अन्य व्यक्ति को यह बात पसंद नहीं आ रही तो वे अपनी खुद की किताब लिख सकते हैं। किताब लिखना और अपने अनुभवों को साझा करना पूरी तरह से उनका व्यक्तिगत विशेषाधिकार है।
'ईवीएम को अगले 100 साल तक नहीं चलाया जा सकता'
देश में चल रही चुनावी प्रक्रिया, वोट चोरी के आरोपों, ज्ञानेश कुमार और ECI.net पर उठ रहे सवालों पर सैम पित्रोदा ने ईवीएम (EVM) की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि साढ़े चार-पांच वर्षों से वह अपने हर इंटरव्यू में यह बात दोहराते आ रहे कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन और उसकी पूरी प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित नहीं है। पित्रोदा के अनुसार इसमें केवल हार्डवेयर की बात नहीं है, बल्कि इसका सॉफ्टवेयर, स्टोरेज, लॉजिस्टिक्स, शिपिंग, मॉडिफाइंग, स्टॉलिंग और प्लगिंग जैसे तमाम चरण आज के समय में पूरी तरह फुलप्रूफ नहीं बचे हैं। हमने जो ईवीएम आज से काफी समय पहले तैयार की थी, वह आज के आधुनिक टूल्स और तकनीक के साथ बिल्कुल मेल नहीं खाती है। आज से 25 साल पहले सॉफ्टवेयर तकनीक और आरएफ (RF) टूल्स की वह स्थिति नहीं थी जो आज है। इलेक्ट्रॉनिक्स की बदलती दुनिया में कोई भी तकनीक या मशीन 25 वर्षों तक पूरी तरह परफेक्ट और सुरक्षित नहीं रह सकती है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि आप इस पुरानी तकनीक वाली ईवीएम को अगले 100 साल तक देश में नहीं चला सकते हैं। इसी वजह से आज जनता और जानकारों के मन में ईवीएम को लेकर विश्वास कम हुआ है।
नेताओं के मंदिर जाने की संस्कृति पर उठाए सवाल
देश के नेताओं के लगातार मंदिरों में जाने की प्रवृत्ति पर सवाल उठाते हुए सैम पित्रोदा ने एक बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि इन दिनों वह देख रहे हैं कि तमाम नेता आए दिन मंदिरों में घूमते नजर आते हैं। बार-बार मंदिरों में जाना राजनेताओं का मुख्य काम नहीं होना चाहिए। देश की जनता ने उन्हें मंदिरों में चक्कर लगाने के लिए अपना प्रतिनिधि चुनकर संसद या विधानसभाओं में नहीं भेजा है। पित्रोदा ने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति के लिए मंदिर जाना पूरी तरह से उसका निजी और व्यक्तिगत मामला है। एक आम नागरिक या व्यक्ति के रूप में आप जब चाहें मंदिर जा सकते हैं, इसमें किसी को कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। लेकिन राजनेताओं को इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि वे सरकारी खर्चे पर मंदिरों की यात्रा न करें। एक व्यक्तिगत इंसान के रूप में भगवान के दर्शन करना आपका अपना विशेषाधिकार है, लेकिन देश की जनता ने आपको देश की सेवा और विकास का कार्य करने के लिए जिम्मेदारी सौंपी है।
मैं किसी धर्म के खिलाफ नहीं: सैम पित्रोदा
सैम पित्रोदा ने कहा कि इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं निकाला जाना चाहिए कि वह किसी भी धर्म के खिलाफ हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि उनकी अपनी पत्नी हर रोज नियम से दो घंटे पूजा-पाठ करती हैं, हालांकि उनका खुद का उसमें उस तरह से विश्वास नहीं है, फिर भी वे दोनों पिछले 60 वर्षों से एक साथ हंसी-खुशी रह रहे हैं। किसी का धार्मिक होना या पूजा करना उसका একান্ত निजी मामला है।