उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए आज का दिन बेहद दुखद है। आज सुबह करीब 11 बजे योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन हो गया। मां का साया उठने के बाद योगी आदित्यनाथ अपने सारे काम छोड़कर उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के दम तोड़ने से राजनितिक गलियारों में मातम पसर गया है। बताया जा रहा है कि उम्र संबंधी समस्याओं के कारण सावित्री देवी ने इस दुनिया को अलविदा कहा है और अब इस मुश्किल घड़ी में सभी राजनेता योगी आदित्यनाथ को हिम्मत दे रहे हैं। अमित शाह और राजनाथ सिंह ने भी अब योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर शोक जताया है। 

रक्षा मंत्री ने जताया दुख 

भारत के रक्षा मंत्री ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से ट्वीट करते हुए लिखा, 'उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की पूज्य माताजी श्रीमती सावित्री देवी जी के स्वर्गवास का समाचार सुनकर मुझे दुख की अनुभूति हुई है। ​जीवन के किसी भी पड़ाव पर मां का साया उठ जाना सबसे बड़ा और असहनीय आघात होता है। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं योगी जी और समस्त परिवार के साथ हैं। ​ईश्वर से प्रार्थना है कि वो पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ओम शांति!'

गृह मंत्री भी निधन की खबर से दुखी 

वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने भी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी की मां की मृत्यु की खबर मिलने पर गहरा दुख जताया है। अमित शाह ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की माताजी श्रीमती सावित्री देवी जी का निधन अत्यंत दुखद है। मां का जाना जीवन की वो क्षति है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं होती। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं योगी जी और समस्त शोक संतप्त परिवार के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वो दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को ये अपार दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। ओम शांति शांति शांति।'

अखिलेश यादव ने दी संवेदनाएं 

आपको बता दें, ये जानकारी भी सामने आ रही है कि पीएम मोदी ने भी योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात की है और उन्हें दिलासा दिया है। वहीं, दूसरी तरफ विपक्ष के नेता अखिलेश यादव भी योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर दुख जाहिर कर चुके हैं। अखिलेश ने योगी की मां की आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए उनके परिवार के लिए भी संवेदनाएं जताई हैं। अब दूसरी पार्टी के नेता भी इस दुखद घड़ी में योगी आदित्यनाथ का दुख बांटते हुए नजर आ रहे हैं।