बॉलीवुड में अब एंटरटेनमेंट का अंदाज बदलता नजर आ रहा है। फिल्मों और वेब सीरीज के साथ-साथ अब लोगों को छोटी-छोटी कहानियां देखना भी पसंद आ रहा है। इसी ट्रेंड को फॉलो करते हुए बॉलीवुड के दो बड़े प्रोडक्शन हाउस ने एक नई शुरुआत करने का फैसला किया है। आमिर खान की कंपनी 'आमिर खान प्रोडक्शंस' और फरहान अख्तर की 'एक्सेल एंटरटेनमेंट' अब साथ मिलकर एक नया माइक्रोड्रामा प्लेटफॉर्म लॉन्च करने जा रहे हैं। इन दोनों के हाथ मिलाने से फैंस भी एक्साइटेड हो गए हैं और इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
कम समय में देखने को मिलेंगी मजेदार कहानियां
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस नए प्लेटफॉर्म के साथ लोगों को मोबाइल पर कम समय में मजेदार कहानियां देखने को मिलेंगी। खास बात ये है कि इसमें सिर्फ छोटे वीडियो ही नहीं, बल्कि अच्छी कहानी और बेहतर प्रोडक्शन क्वालिटी पर भी फोकस किया जाएगा। आपको बता दें, माइक्रोड्रामा एक ऐसा फॉर्मेट है, जिसमें कहानी को छोटे-छोटे एपिसोड में दिखाया जाता है। इन एपिसोड की टाइमिंग कम रहती है और कहानी को इस तरह पेश किया जाता है कि लोग अगले एपिसोड को देखने के लिए एक्साइटेड हो जाएं। दरअसल, आजकल की बिजी लाइफ में लोगों के पास ज्यादा वक्त नहीं होता और ऐसे में फिल्म या वेब सीरीज देखना मुश्किल हो जाता है। उन लोगों के लिए माइक्रोड्रामा अच्छा ऑप्शन है।
नए प्लेटफॉर्म पर क्या दिखाया जाएगा?
रिपोर्ट्स का दावा है कि इस नए प्लेटफॉर्म पर 'आमिर खान प्रोडक्शंस' और' एक्सेल एंटरटेनमेंट' के पुराने कंटेंट का भी इस्तेमाल किया जाएगा। साथ ही माइक्रोड्रामा के लिए नई और ओरिजिनल कहानियां भी तैयार की जाएंगी। दोनों प्रोडक्शन हाउस की कोशिश होगी कि ऑडियंस को ऐसी कहानियां देखने को मिलें, जिनमें एंटरटेनमेंट के साथ जबरदस्त कहानी और अच्छी मेकिंग भी हो। यानी ये प्लेटफॉर्म शॉर्ट वीडियो ऐप्स से थोड़ा अलग होगा क्योंकि यहां प्रोफेशनल तरीके से तैयार किए गए कंटेंट को दिखाया जाएगा।
यूट्यूबर्स और डिजिटल क्रिएटर्स संग होगी पार्टनरशिप
इस नए प्रोजेक्ट में पॉपुलर यूट्यूबर्स और डिजिटल क्रिएटर्स को भी जोड़ा जाएगा। कहा जा रहा है कि इस प्लेटफॉर्म पर कई मशहूर ऑनलाइन क्रिएटर्स के साथ कंटेंट पार्टनरशिप भी हो सकती है। इतना ही नहीं इस माइक्रोड्रामा प्लेटफॉर्म को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए एक बड़ी टेलीकॉम कंपनी को भी पार्टनर बनाया गया है। हालांकि, अभी तक इस कंपनी का नाम रिवील नहीं हुआ है। टेलीकॉम पार्टनर की मदद से प्लेटफॉर्म को मोबाइल यूजर्स तक पहुंचाने में मदद मिल सकती है। वहीं, इस नए प्लेटफॉर्म के नाम, लॉन्च डेट और शुरुआती कंटेंट को लेकर फिलहाल कोई ऑफिशियल जानकारी सामने नहीं आई है।