मशहूर सिंगर अदनान सामी का एक सोशल मीडिया पोस्ट के चलते लाइमलाइट में हैं। मुंबई एयरपोर्ट पर हुए खराब अनुभव पर इस बार सिंगर चुप नहीं रह पाए और उन्होंने मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 की 'प्रणाम सर्विस' पर गंभीर सवाल उठा दिए। अदनान सामी का आरोप है कि वहां मौजूद स्टाफ ने न सिर्फ लापरवाही दिखाई, बल्कि उनके और उनकी टीम के साथ ठीक से बर्ताव भी नहीं किया। इस पूरे मामले को लेकर अदनान ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कुछ पोस्ट शेयर किए हैं। अदनान सामी को इतना गुस्सा क्यों आया चलिए जानते हैं।  

एयरपोर्ट पर क्या हुआ?

अदनान सामी ने सोशल मीडिया पर एक लंबी पोस्ट लिखकर अपना अनुभव बताया है। उन्होंने कहा कि वो काफी समय से मुंबई एयरपोर्ट की प्रणाम सर्विस का इस्तेमाल कर रहे हैं। यहां तक कि इस सर्विस की शुरुआत के दिनों से ही वो इसके क्लाइंट रहे हैं। सिंगर के मुताबिक, एयरपोर्ट पहुंचने से पहले उनकी टीम के पास फोन करके आने की पुष्टि की गई थी, लेकिन वहां पहुंचने पर उन्हें रिसीव करने के लिए स्टाफ का कोई सदस्य वहां मौजूद नहीं था। अदनान ने इस बात पर सवाल उठाया कि जब पहले से स्टाफ को उनके आने की जानकारी थी, तो ऐसी लापरवाही क्यों की गई?

5 घंटे लेट थी फ्लाइट

अदनान ने अपनी पोस्ट में फ्लाइट में हुई देरी का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उनकी फ्लाइट करीब पांच घंटे लेट थी और प्रणाम सर्विस के स्टाफ को इसकी जानकारी पहले से थी। लेकिन उन्हें इस बारे में तब बताया गया, जब वो एंट्री सिक्योरिटी चेक पार कर चुके थे। सिंगर का कहना है कि अगर उन्हें समय रहते फ्लाइट की देरी के बारे में बता दिया जाता, तो वो इतनी जल्दी एयरपोर्ट पहुंचने की जगह आराम से घर पर इंतजार करते। लेकिन जानकारी देर से मिलने की वजह से उन्हें और उनकी टीम को एयरपोर्ट पर काफी देर तक रुकना पड़ा।

महिला कर्मचारी पर लगाए गंभीर आरोप

अदनान सामी ने महिला कर्मचारी के बर्ताव को लेकर भी नाराजगी जताई है। उन्होंने बताया कि संबंधित महिला कर्मचारी लगातार मोबाइल फोन पर बिजी थी। जब उन्हें लाउंज से डिपार्चर गेट तक ले जाने का समय आया, तो वो खुद वहां मौजूद नहीं थी और उन्होंने अपनी जगह एक पोर्टर को भेज दिया। पोर्टर को भी पता नहीं था कि वो कर्मचारी कहां है। वो उन्हें बग्गी से गेट तक लेकर पहुंचा और फिर खुद ही उस महिला कर्मचारी को ढूंढने लगा। बाद में वो एक कोने में बैठकर फोन पर चैटिंग करती हुई मिली। अदनान का आरोप है कि गेट पर भीड़ होने के बावजूद स्टाफ उनकी मदद नहीं कर पाई। आखिर में उन्हें खुद ही रास्ता निकालना पड़ा। इतना ही नहीं जब उन्होंने कर्मचारी के इस रवैये पर सवाल उठाया, तो माफी मांगने की जगह उसने उनसे रूखे अंदाज में बात की। 

सर्विस के रवैये पर उठाए सवाल

अदनान ने ये भी बताया कि प्रणाम सर्विस के साथ ये उनका पहला खराब अनुभव नहीं है। इससे पहले भी उन्हें इसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़ा था। उन्होंने कहा कि जब ग्राहक किसी सुविधा के लिए पैसे खर्च करते हैं, तो उन्हें बदले में सम्मानजनक और प्रोफेशनल व्यवहार मिलने की उम्मीद होती है।