बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार एक बार फिर फंस को एंटरटेन करने के लिए कुछ नया और मजेदार लेकर आ गए हैं। उनकी अपकमिंग फिल्म 'समुक' की ऑफिशियल अनाउंसमेंट हो गई है। मेकर्स ने आज इस फिल्म की पहली झलक पेश कर दी और साथ ही इसकी रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। इस खबर के सामने आते ही अक्षय के फैंस के बीच फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट साफ दिखाई दे रही है। अक्षय कुमार की ये फिल्म दूसरी एक्शन और ड्रामा फिल्मों से एकदम अलग होने वाली है। इस फिल्म में साइंस-फिक्शन, खतरनाक मिशन और सर्वाइवल की जंग देखने को मिलेगी। 28 मई 2027 को ये फिल्म देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

इंसान से नहीं होगा मुकाबला

अक्षय कुमार की फिल्म 'समुक' का मोशन पोस्टर सामने आ गया है। सामने आए विजुअल्स में एक बड़े-से डरावने जीव का हाथ दिखाई दे रहा है। इसके बाद अक्षय कुमार जंगल में किसी गुफाह जैसी जगह में बंदूक थामे नजर आते हैं। अक्षय का ये इंटेंस और एक्शन भरा अंदाज दर्शकों के लिए काफी पसंद आ रहाहै। पोस्टर से हिंट मिला है कि फिल्म में उनका सामना किसी ऐसे दुश्मन से होने वाला है, जो इंसान नहीं है। अभी इस रहस्यमयी खतरे और फिल्म की पूरी कहानी को लेकर मेकर्स ने ज्यादा कुछ रिवील नहीं किया है। 

अक्षय और विपुल अमृतलाल शाह 13 साल बाद आए साथ 

अक्षय ने फिल्म का ऐलान करते हुए अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि दुश्मन इंसान नहीं है, लेकिन लड़ाई पूरी इंसानियत के लिए है और पीछे हटने का कोई ऑप्शन नहीं है। इस कैप्शन ने फिल्म की कहानी को लेकर सस्पेंस और बढ़ा दिया है। 'समुक' की एक बड़ी खासियत ये भी है कि इस लड़ाई में कोई रूल्स नहीं होंगे। आपको बता दें, इस फिल्म के साथ अक्षय कुमार और प्रोड्यूसर विपुल अमृतलाल शाह करीब 13 साल बाद फिर साथ काम करने वाले हैं। इससे पहले दोनों ने 'आंखें', 'वक्त: द रेस अगेंस्ट टाइम', 'नमस्ते लंदन' और 'हॉलिडे' जैसी फिल्मों में साथ काम किया है। उनकी पुरानी फिल्मों को देखते हुए ऑडियंस को इस जोड़ी से काफी उम्मीदें हैं। 

फिल्म से जुड़े कई बड़े नाम 

बता दें, फिल्म 'समुक' का निर्देशन कनिष्क वर्मा कर रहे हैं और इसे विपुल अमृतलाल शाह के प्रोडक्शन हाउस 'सनशाइन पिक्चर्स' के बैनर तले बनाया जा रहा है। 'समुक' में एक्शन और VFX पर खास ध्यान रखा गया है। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ कई टैलेंटेड एक्टर्स नजर आएंगे। इसकी स्टारकास्ट में रुक्मिणी मैत्रा, विनीत कुमार सिंह, रजत कपूर, स्वानंद किरकिरे, बनिता संधू और सुशांत सिंह के नाम शामिल हैं। इसके अलावा 'एलियन' और 'प्रिडेटर' जैसी फिल्मों के लिए मशहूर क्रिएचर इफेक्ट्स डिजाइनर एलेक गिलिस भी इस फिल्म से जुड़े हैं। इतना ही नहीं ब्रिटिश एक्शन डायरेक्टर ल्यूक टंबर ने इस फिल्म के एक्शन सीक्वेंस तैयार किए हैं।