बॉलीवुड इंडस्ट्री में कुछ बदलावों की जरूरत है और इसे लेकर दीपिका पादुकोण खुलकर अपनी राय रख चुकी हैं। दीपिका ने 8 घंटे की शिफ्ट डिमांड राखी थी, जिस पर काफी बवाल भी हुआ था। कुछ लोगों ने दीपिका की इस डिमांड के साथ सहमति जताई थी, तो कुछ लोग उनके खिलाफ हो गए थे। मां बनने के बाद दीपिका की इस डिमांड ने बॉलीवुड इंडस्ट्री को दो हिस्सों में बांट दिया था। ये एक बड़ी कंट्रोवर्सी हो गई थी और दीपिका को फिल्म 'स्पिरिट' से भी हाथ धोना पड़ा था। अब इस मामले में एक्ट्रेस आलिया भट्ट का बयान भी सामने आया है।
आलिया ने दीपिका से जताई सहमति
आलिया भट्ट भी अब दीपिका पादुकोण की इस डिमांड का सपोर्ट करती हुई नजर आई हैं। उन्होंने दीपिका पादुकोण की आठ घंटे की शिफ्ट की मांग को सपोर्ट करते हुए कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में काम के घंटों को लेकर फिर से विचार होना चाहिए। आलिया का कहना है कि काम का समय उचित और व्यवस्थित होना चाहिए, ताकि आर्टिस्ट्स और क्रू मेंबर्स को अपनी पर्सनल लाइफ और प्रोफेशनल लाइफ के बीच बैलेंस बनाने का मौका मिले। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में आलिया ने फिल्म इंडस्ट्री के वर्क कल्चर पर बात करते हुए कहा कि काम के घंटों का तय न होना एक ऐसा मुद्दा है, जिस पर गंभीरता से सोचना जरूरी है।
8 घंटे की शिफ्ट पर बोलीं आलिया
हालांकि, इस दौरान आलिया ने ये भी बताया कि उन्हें प्रोड्यूसर्स का सपोर्ट मिलता रहा है और वो हमेशा उनकी जरूरतों को भी समझते हैं। आलिया का कहना है कि हर किसी को उनकी तरह ऐसी सुविधा नहीं मिलती। आलिया ने इस बात पर जोर दिया कि काम के घंटे को लेकर मनमानी नहीं होनी चाहिए। अगर इस बात पर ध्यान दिया जाएगा तो पूरी टीम बेहतर तरीके से काम कर सकती है। इसके अलावा उन्होंने एक और खास मुद्दे को उठाया है। आलिया ने कहा कि किसी कर्मचारी या कलाकार को अपनी सीमाएं तय करने पर नौकरी छूटने का डर नहीं होना चाहिए।
क्रू मेंबर्स के हक में की बात
आलिया भट्ट ने फिल्म सेट पर महिलाओं की बुनियादी जरूरतों को लेकर भी जोर दिया है। उन्होंने कहा कि साल 2026 में किसी महिला कलाकार या क्रू मेंबर के लिए साफ-सुथरे टॉयलेट की सुविधा चर्चा का विषय नहीं होनी चाहिए। ये सुविधाएं हर सेट पर होनी चाहिए और इन्हें सिर्फ कलाकारों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि पूरी टीम को इसका फायदा मिलना चाहिए। आलिया के मुताबिक, फिल्म सेट पर काम करने वाले हर शख्स सम्मानजनक और सुविधाजनक माहौल पाने का हकदार होता है।