'ब्रीद', 'अवरोध: द सीज विदिन' और 'जीत की जिद' जैसे प्रोजेक्ट्स से लोगों का दिल जीत चुके पॉपुलर एक्टर अमित साध अपनी आने वाली फिल्म 'प्रताप' को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। इसी बीच उन्होंने काम मिलने को लेकर अपनी परेशानी जाहिर की है। अमित साध का कहना है कि वो लगातार काम करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें फिल्मों और वेब सीरीज में उतने मौके नहीं मिल रहे, जितनी उन्हें उम्मीद है। अमित साध ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में अपने करियर और फ्यूचर प्रोजेक्ट्स पर बात की है। इस दौरान उन्होंने फिल्ममेकर्स और कास्टिंग डायरेक्टर्स से से एक खास अपील भी की।

'प्रताप' पर टिकीं अमित की उम्मीदें 

इंटरव्यू में अमित साध से पूछा गया कि क्या वो फ्यूचर में फिल्म डायरेक्शन या फिल्म मेकिंग की दुनिया में कदम रखना चाहेंगे? इस पर अमित साध ने साफ कहा कि फिलहाल उनका ऐसा कोई इरादा नहीं है। अभी उनका पूरा ध्यान अपनी आने वाली फिल्म 'प्रताप' पर है। अमित ने कहा कि वो यही चाहते हैं कि उनकी फिल्म अच्छा परफॉर्म करे, नहीं तो जिस सपने को लेकर वो मुंबई आए थे, वो अधूरा रह जाएगा। हालांकि, उन्होंने ये भी कहा कि एक क्रिएटिव शख्स के लिए आगे बढ़ने के कई रास्ते होते हैं। ऐसे में सिर्फ सही समय पर सही मौका मिलने की जरूरत होती है।

काम न मिलने पर छलका दर्द 

इंटरव्यू में अमित ने बताया कि कई लोग उनसे शिकायत करते हैं कि वो फिल्मों और शोज में कम दिखाई देते हैं। एक्टर ने कहा ऐसा बिल्कुल नहीं है कि वो काम से दूर हैं या घर बैठकर मौके का इंतजार कर रहे हैं। वो तो लगातार अच्छे प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनना चाहते हैं और ज्यादा नजर आना चाहते हैं। इस दौरान अमित ने अपनी नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि कुछ फिल्ममेकर्स और कास्टिंग डायरेक्टर्स उनसे नाराज क्यों हैं और उन्हें काम क्यों नहीं देते। अमित ने उम्मीद जताई कि अब इंडस्ट्री के लोग इस ओर ध्यान देंगे और उन्हें बेहतर मौके मिलेंगे। उन्होंने कहा कि वो एक काम करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्हें उम्मीद है कि 'प्रताप' उनके करियर में नया मोड़ लेकर आएगी और उनके लिए काम के नए रास्ते खुल जाएंगे। 

अमित ने दिखाई फाइटिंग स्पिरिट 

आपको बता दें, भले ही एक्टर ने शिकायत की है कि उन्हें काम के कम अवसर मिलते हैं, लेकिन फिर भी अमित साध का हौसला कम नहीं हुआ। आखिर में उन्होंने अपने स्ट्रगल और फाइटिंग स्पिरिट के बारे में बात करते हुए कहा कि वो हार मानने वालों में से नहीं हैं। उन्होंने खुद को फाइटर बताते हुए साफ किया कि वो लगातार कोशिश करते रहेंगे। अमित की इस बात से पता चलता है कि वो अपने निराश होने की जगह नए मौकों की तलाश में जुटे हैं।