बॉलीवुड स्टार्स पर पिछले कुछ दिनों से खतरा मंडरा रहा है। पिछले कुछ समय से बॉलीवुड इंडस्ट्री से हैरान कर देने वाली खबरें सामने आ रही हैं। कभी सलमान खान को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं, तो कभी टाइगर श्रॉफ पर सरेआम फायरिंग हो रही है। अमिताभ बच्चन के घर को तो बम से उड़ाने की लगातार चेतावनियां मिल रही हैं। ऐसा लग रहा है जैसे इस इंडस्ट्री को किसी की बुरी नजर लग गई हो। कोई हाथ धोकर सेलेब्स के पीछे पड़ गया है और ऐसी में इन सभी की जान खतरे में है। सितारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है और ऐसे में अब कोई बड़ा कदम उठाना जरूरी हो गया है। लगातार मिल रहीं धमकियों और फायरिंग की घटनाओं ने इंडस्ट्री को अलर्ट कर दिया है। 

सेलेब्स ने लगाई सुरक्षा बढ़ाने की गुहार 

मुंबई पुलिस और जांच एजेंसियां भी इस मामले को गंभीरता से देख रही हैं। कलाकारों की सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जा रही है। इस बीच जानकारी सामने आई है कि अमिताभ बच्चन, आयुष्मान खुराना और टाइगर श्रॉफ समेत कुछ बड़े सितारों को अतिरिक्त सुरक्षा मुहैया कराई जा सकती है। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि कुछ बॉलीवुड स्टार्स ने पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। मुंबई पुलिस के सिक्योरिटी एंड प्रोटेक्शन डिपार्टमेंट को कई सेलेब्स से से सुरक्षा बढ़ाने के रिक्वेस्ट मिली हैं। इनमें आयुष्मान खुराना और टाइगर श्रॉफ जैसे कई सेलेब्स के नाम शामिल हैं। 

खतरे के स्तर की जांच कर रही पुलिस 

पुलिस अभी इन रिक्वेस्ट को लेकर जांच-पड़ताल कर रही है। पुलिस फिलहाल ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस कलाकारों को कितना खतरा है और उनके लिए किस स्तर की सुरक्षा जरूरी होगी। ऐसे में अभी के लिए इन स्टार्स को X-कैटेगरी सुरक्षा देने पर विचार किया जा रहा है। आपको बता दें, अभी तक किसी भी एक्टर के लिए किसी भी श्रेणी की सुरक्षा मुहैया होने को लेकर ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं हुई है। खतरे की गंभीरता और पुलिस की जांच रिपोर्ट के आधार पर ही सुरक्षा की श्रेणी को लेकर आखिरी फैसला लिया जाएगा।

इन सेलेब्स को मिल रहीं जानलेवा धमकियां 

आपको बता दें, बॉलीवुड के अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन की सुरक्षा को लेकर कई दिनों से चिंता बढ़ी हुई है। महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने भी कहा है कि अमिताभ को अतिरिक्त सुरक्षा दी जाएगी। आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर को भी धमकी भरे कॉल और वॉइस मैसेज मिल चुके हैं। रणवीर सिंह, अक्षय कुमार और आमिर खान जैसे एक्टर्स की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।