बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर अनुभव सिन्हा पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अनुभव सिन्हा के पिता का निधन हो गया और इस सदमे से वो उबर नहीं पा रहे हैं। अनुभव सिन्हा के पिता ने 95 साल की उम्र में 19 नवंबर को रात करीब 9 बजे मुंबई में अपनी आखिरी सांस ली। 20 नवंबर को उनका अंतिम संस्कार हुआ और अब पिता के निधन के 2 दिन बाद अनुभव सिन्हा ने उनके नाम एक पोस्ट लिखा है। वो इस दुख की घड़ी में खुद को बेहद अकेला महसूस कर रहे हैं। पिता को खोकर उन्हें कैसा लग रहा है, अब ये उन्होंने अपने शब्दों में बताया है। अनुभव सिन्हा का पोस्ट देख उनके चाहने वाले भी भावुक हो गए हैं। 

पिता को याद कर छलका दर्द 

आपको बता दें, अनुभव सिन्हा ने अब सोशल मीडिया पर अपने पिता की एक पुरानी तस्वीर शेयर की है। इसके साथ अनुभव सिन्हा ने लिखा, 'अचानक यूं हुआ कि घर बड़ा लगने लगा, और खाली। अचानक यूं हुआ कि अब उनके साथ कोई नई तस्वीरें नहीं होंगी। अचानक यूं हुआ कि अब उनके लिए नई नई मिठाई ढूंढना बंद हो जाएगा। बाकी सब यथावत रहेगा। उनसे प्यार। उनसे बातचीत। सब वैसा ही रहेगा। ना। सब तो नहीं। 95 साल कम नहीं होते पर काफी भी नहीं होते। मां बताती थीं, जब पापा उनको देखने गए थे, शादी के लिए तो इसरार हुआ कि वो गाना सुनायें। उन्होंने अपना प्रिय गाना सुनाया था ‘छोटी सी ये जिंदगानी रे’। फिर हम भी उनसे अक्सर ये गाना सुनते थे।'

बॉलीवुड सेलेब्स ने जताया दुख

अब अनुभव सिन्हा का ये भावुक पोस्ट देखकर समझ आ रहा है कि अपने पिता को किस कदर मिस कर रहे हैं। वो इस वक्त काफी इमोशनल है और पिता को खोने का दर्द उनके मन पर भारी हो रहा है। इस नोट में उनका दर्द साफ बयां हो रहा है। आपको बता दें, उनके इस पोस्ट ने अब सबका ध्यान खींच लिया है। फैंस और सेलेब्स इस पोस्ट पर रिएक्ट करते हुए अनुभव सिन्हा को सांत्वना देते हुए नजर आ रहे हैं। पिता का साया सिर से उठने पर उनके करीबी अब हिम्मत बांधने की कोशिश कर रहे हैं।  

कौन हैं अनुभव सिन्हा?

अनुभव सिन्हा के करियर की बात करें तो वो मशहूर डायरेक्टर, प्रोड्यूसर और राइटर हैं। उन्होंने अपनी फिल्मों के जरिए कई गंभीर सामाजिक मुद्दों को सबके सामने पेश किया है। 'मुल्क', 'आर्टिकल 15', 'थप्पड़', 'अनेक' और 'भीड़' जैसी फिल्मों को डायरेक्ट और प्रोड्यूस किया है। शानदार फिल्मी करियर रखने वाले अनुभव सिन्हा इस वक्त जिंदगी के सबसे बड़े दुख का सामना कर रहे हैं।