बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर अनुपम खेर इन दिनों अपनी फिल्मी यात्रा को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में डायरेक्टर महेश भट्ट ने उनके लिए एक खास चिट्ठी लिखी, जिसमें उन्होंने अनुपम खेर के चार दशक से ज्यादा लंबे करियर और उनके बदलावों की तारीफ की। अनुपम खेर ने ये खत सोशल मीडिया पर शेयर किया और इसके साथ एक भावुक मैसेज भी लिखा। अनुपम खेर ने महेश भट्ट की कही बातों को अपने 42 साल लंबे एक्टिंग करियर का सबसे खूबसूरत सर्टिफिकेट बताया है।

महेश भट्ट ने बांधे अनुपम खेर की तारीफों के पुल

महेश भट्ट ने अपने लेटर में अनुपम खेर के एक्टिंग के सफर को याद करते हुए उनकी पहली फिल्म 'सारांश' से लेकर 'रामायण' में जटायु के किरदार तक के सफर पर बात की। उन्होंने लिखा, 'अनुपम, 'सारांश' के बी.वी. प्रधान से लेकर 'रामायण' के जटायु तक- क्या शानदार सफर रहा है! तुम्हारी लगातार तरक्की और कामयाबी! मैं तुम्हारे लिए बहुत खुश हूं। स्वीडन में तुम्हें देखकर मुझे बहुत अच्छा लगा। ऐसा लगता है कि वो अनुभव तुम्हारे अंदर गहराई तक उतर गया। तुम कुछ अलग लग रहे हो। मैंने देखा कि तुम लोगों से किस तरह हाथ मिलाते ह - अपना पूरा हाथ आगे बढ़ाकर, अपना पूरा ध्यान सामने वाले शख्स पर देते हो। तुम पहले कभी इतने आत्मविश्वासी और इतने मुक्त नहीं दिखे। इसने मुझे 'सारांश' फिल्म के उस सीन की याद दिला दी, जिसमें पार्क में एक बूढ़ी औरत बच्चों के साथ खेल रही होती है। प्रधान ने अपने बेटे अजय की अस्थियों को विसर्जित कर दिया है, और वहां वो औरत बच्चों के साथ खेल रही है। जिस नजर से तुमने उसे देखा था... वो तुम्हारा बुद्धा मोमेंट था।'

महेश भट्ट का भावुक लेटर वायरल 

महेश भट्ट ने आगे लिखा, 'जिंदगी ने तुम्हें गहराई से छू लिया था और उस पल का कुछ अंश तुम्हारी आंखों, तुम्हारे शरीर और तुम्हारे दिल में बस गया है। मैंने स्वीडन में फिर से वही चीज देखी। मैं अक्सर उस 28 साल के एक्टर और 34 साल के फिल्ममेकर के बारे में सोचता हूं, जो पाली हिल में मेरे घर के परिसर में बातें कर रहे थे। उस दिन हमने एक-दूसरे को क्या दिया था? मुझे नहीं पता। मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि आगे चलकर क्या-क्या होने वाला है। तुम मुझे बहुत, बहुत खुश कर देते हो। मुझे उस इंसान जैसी खुशी महसूस होती है, जिसने कभी तुम्हारा हाथ थामा था और अब तुम्हें वहां पहुंचते हुए देख रहा है, जहां तक मैं तुम्हें कभी नहीं ले जा सकता था। और कहीं दूर, किसी छोटे से इलाके का कोई लड़का तुम्हें देखेगा और अपने किसी 'नामुमकिन' सपने को लेकर यहां आने की हिम्मत जुटाएगा।' 

महेश भट्ट का लेटर देख इमोशनल हुए अनुपम 

अब इसे शेयर करते हुए अनुपम खेर ने लिखा, ''सारांश' से 'जटायु' तक! महेश भट्ट साहब का एक पत्र! प्रिय भट्ट साहब, आज मैं दुनिया का सबसे खुश इंसान हूं। कल अचानक आपका मैसेज आया, जिसके लिए मैं बिल्कुल भी तैयार नहीं था। मैंने इसे पूरे दिल से आभार के साथ पढ़ा और मैं बहुत विनम्र हो गया। ये 42 सालों के काम के लिए सबसे खूबसूरत सर्टिफिकेट पाने जैसा था और वो भी उस इंसान की तरफ से, जिसने मेरे लिए सबसे पहले सिनेमा के दरवाजे खोले थे। आप मेरे लिए सिर्फ मेरी पहली फिल्म 'सारांश' के डायरेक्टर से कहीं बढ़कर हैं। आप मेरे मार्गदर्शक, मेरे दोस्त और मेरे शिक्षक हैं। हमारे देश के सबसे बेहतरीन डायरेक्टर्स और लेखकों में से एक से ये शब्द पाना, मेरे लिए इतना मायने रखता है जिसे मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता। मैं आगे भी ऐसा काम करने की कोशिश करता रहूंगा जिस पर आपको गर्व हो और शायद कभी मुझे आपसे ऐसा ही एक और पत्र मिल सके।'