क्रिकेट और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से एक बड़ी गुड़ न्यूज सामने आ रही है। भारतीय क्रिकेटर अर्शदीप सिंह ने अपनी गर्लफ्रेंड समरीन कौर के साथ सगाई कर ली है। आज यानी 11 नवंबर को कपल ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर कुछ खूबसूरत तस्वीरें शेयर कर पूरी दुनिया के सामने इस रिश्ते को नया नाम दे दिया। अर्शदीप सिंह और समरीन कौर अब बॉयफ्रेंड-गर्लफ्रेंड नहीं बल्कि मंगेतर हैं। इन दोनों ने खुद अब अपनी सगाई की अनाउंसमेंट कर दी है और ये पोस्ट देखकर फैंस भी खुशी से झूम उठे हैं। तस्वीरों में अर्शदीप घुटनों पर बैठकर समरीन को अंगूठी पहनाते नजर आ रहे हैं। 

अर्शदीप सिंह और समरीन कौर की सगाई की तस्वीरें वायरल 

इंगेजमेंट की फोटोज में दोनों के चेहरों की खुशी साफ दिखाई दे रही है। समरीन ने फोटोज शेयर करते हुए लिखा कि जिंदगी ने उन्हें जो सबसे खूबसूरत तोहफा दिया है, वो एक-दूसरे का साथ है। उन्होंने अपनी पोस्ट में 11 नवंबर 2026 की तारीख के साथ हमेशा साथ रहने की इच्छा भी जताई है। दोनों विदेश में इस खूबसूरत मोमेंट को एन्जॉय करते हुए नजर आ रहे हैं। तस्वीरों में समरीन कौर ने अपनी इंगेजमेंट रिंग भी फ्लॉन्ट की है। दोनों ने इस प्रपोजल के बाद एक-दूसरे को प्यार से गले भी लगाया और अब इनकी खुशी में फैंस भी शामिल हो गए हैं। ये फोटोज सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बधाई देने का सिलसिला भी शुरू हो गया।   

कौन हैं अर्शदीप सिंह की मंगेतर?

आपको बता दें, समरीन कौर पंजाबी एक्ट्रेस, मॉडल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं। उन्होंने मॉडलिंग से अपने करियर की शुरुआत की थी। साल 2018 में उन्होंने फेमिना मिस इंडिया कम्पटीशन में जम्मू-कश्मीर को रिप्रेजेंट किया था और स्टेट फाइनलिस्ट बनी थीं। इसके बाद समरीन ने फिल्मों और म्यूजिक वीडियोज में भी काम किया। सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग है। वो अपने फैशन, ट्रैवल और प्रोफेशनल लाइफ से जुड़ी तस्वीरें अक्सर शेयर करती रहती हैं। 

रणवीर सिंह की फिल्म '83' से क्या है समरीन कौर का नाता?

समरीन कौर का बॉलीवुड कनेक्शन भी काफी दिलचस्प है। वो रणवीर सिंह की फिल्म '83' में नजर आ चुकी हैं। साल 2021 में रिलीज हुई इस फिल्म में उन्होंने क्रिकेटर बलविंदर सिंह संधू की मंगेतर सिमरन का किरदार निभाया था। इसके अलावा वो वेब सीरीज 'नेल पॉलिश' और पंजाबी फिल्म 'सरदार जी 2' में भी काम कर चुकी हैं। समरीन कई पॉपुलर म्यूजिक वीडियोज का भी हिस्सा रही हैं। आपको बता दें, अर्शदीप और समरीन अपने रिश्ते को लेकर काफी समय से चर्चाओं में हैं। जुलाई 2026 में अर्शदीप ने इंस्टाग्राम पर समरीन के साथ तस्वीरें शेयर करते हुए इस रिश्ते को ऑफिशियल कर दिया था। अब दोनों की सगाई हो गई है और जल्द ही शादी भी हो जाएगी।