'बिग बॉस 20' में तमाशे रुकने का नाम ही नहीं ले रहे। शो में हर दिन के साथ ड्रामा भी बढ़ता जा रहा है। अब नॉमिनेशन टास्क में एक बार फिर काजी तौकीर ने कुछ ऐसा किया कि मनीष गोयल हाइपर हो गए। आज के एपिसोड में मनीष और काजी की तकरार फिर से देखने को मिलेगी। काजी के बार-बार उन्हें प्रोफेसर कहने पर मनीष इतने भड़क गए कि उनका रिएक्शन देख बाकी घरवाले भी हैरान रह गए। इसी बीच अब मनीष की वाइफ का इस मामले पर रिएक्शन सामने आया है। पूनम ने अब सोशल मीडिया पर एक नोट जारी कर इस मामले में अपनी पति का सपोर्ट किया है। 

प्रोफेसर शब्द पर क्यों भड़के मनीष गोयल?

'शरारत' फेम एक्ट्रेस पूनम नरूला ने सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए लिखा, 'मैंने एक महीने से पेशेंस रखा और चुप रही, लेकिन अब समय आ गया है कि मैं इस बात को सबके सामने लाऊं। कल के एपिसोड के बाद मैं डिटेल में बात करूंगी, लेकिन अभी के लिए, मैं चाहती हूं कि लोग समझें कि मनीष "प्रोफेसर" शब्द सुनकर ऐसा रिएक्शन क्यों देते हैं। जब से मनीष घर में आए हैं, काजी उन्हें "ज्ञानी बाबा" और "प्रोफेसर" जैसे नामों से चिढ़ाते रहे हैं। ये काजी के एक प्रैंक से शुरू हुआ था, जिसमें घर के बाकी घरवाले भी शामिल हो गए। मनीष को इस बारे में कोई आईडिया नहीं था, फिर भी उन्होंने इसे स्पोर्टिंगली लिया, वो उसमें शामिल हुए और यहां तक कि डांस भी किया (जो टेलीकास्ट नहीं हुआ)। लेकिन, काजी ने इसे और आगे बढ़ाते हुए अपमानजनक टिप्पणियां कीं और उनकी उम्र को लेकर मजाक उड़ाया। जब मनीष ने उनसे रुकने और लाइन ड्रॉ करने के लिए कहा, तो काजी ने कैमरे के सामने कहा कि वो मनीष को रुला देंगे और रुकेंगे नहीं। "प्रोफेसर" शब्द पर मनीष के रिएक्शन के पीछे यही असली कारण है।' 

मनीष गोयल की पत्नी ने जारी किया बयान 

पूनम नरूला ने आगे लिखा, 'मेरे पति कभी भी काजी से झगड़ा करने नहीं जाते। उन्हें स्क्रीन टाइम की परवाह नहीं है। अगर उन्हें होती, तो वो सिर्फ फुटेज पाने के लिए कुछ भी करते, लेकिन वो ऐसा नहीं कर रहे। वो इमोशनल हैं, कभी-कभी ड्रामेटिक हो जाते हैं और मजबूत शब्दों में बात करते हैं। वो 70 के दशक में पैदा हुए एक उत्तर भारतीय आदमी हैं। यही उनकी पर्सनालिटी है। सिर्फ इसलिए कि नई पीढ़ी उनके बात करने या रिएक्शन देने के तरीके से रिलेट नहीं कर पाती, इसका मतलब ये नहीं है कि वो दिखावा कर रहे हैं। वो वाकई एक अच्छे फैमिली मैन हैं, लेकिन जब कोई उन्हें लगातार परेशान करता है, उनकी उम्र का मजाक उड़ाता है या उनके आस-पास गंदगी भरे भद्दे मजाक करता है, तो वो रिएक्ट करते हैं। ये उनकी क्लास नहीं है। आप काजी को प्यार कर सकते हैं, लेकिन उनके सपोर्ट में इतने अंधे न हो जाएं कि आप दूसरे पक्ष को ही अनदेखा कर दें।'

मनीष गोयल की पत्नी ने जताई निराशा

मनीष की पत्नी ने आगे लिखा, 'अगर मनीष को एलिमिनेशन की परवाह होती, तो वो काजी के लिए अपनी 'लाइफलाइन' सैक्रिफाइस नहीं करते। 2026 में, अगर लोग 51 साल के एक सीधे-सादे और अच्छे इंसान को एक्सेप्ट नहीं कर सकते- बिना इस उम्मीद के कि वो उछल-कूद करे, दूसरों को गालियां दे या हर तरह की बेवकूफी में शामिल हो-तो ये डिसअपॉइंटिंग और इमैच्योर बात है। मनीष असल जिंदगी में भीऐसे ही बात करते हैं। उन्हें अपनी भाषा 'शुद्ध हिंदी' से प्यार है और इस पर उन्हें गर्व भी है। वो एक एक्टर हैं और हमें उन पर गर्व है। लेकिन कभी-कभी आपको एडिट किए गए फुटेज से परे जाकर, किसी शख्स की आंखों में देखना पड़ता है- ये समझने के लिए कि वो सच में हर्ट है या बस एक्टिंग कर रहा है। एक परिवार होने के नाते हम हमेशा एक-दूसरे के साथ खड़े रहेंगे।ढेर सारा प्यार, मन्नू। महादेव आपको देख रहे हैं।